बिजनेस

EPF से हर महीने पैसे निकालने पर नहीं लगेगा टैक्स? सरकार कर सकती है बड़ा बदलाव

पीएफ से किस्तों में रकम निकालने की सुविधा के लिए सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान का विकल्प तो मंजूर कर दिया गया है लेकिन इस रकम पर टैक्स लगेगा या नहीं यह स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

Image

पीएफ से पैसे निकालने पर नहीं लगेगा टैक्स? (AI Generated Image)

नौकरीपेशा लोगों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा का बड़ा साधन है। अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने सदस्यों को रिटायरमेंट के बाद एकमुश्त पैसा निकालने के बजाय किस्तों में रकम निकालने की सुविधा देने जा रहा है। इसके लिए सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) का विकल्प मंजूर किया गया है। हालांकि, इस सुविधा के तहत मिलने वाली रकम पर टैक्स लगेगा या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में श्रम मंत्रालय इस भुगतान को टैक्स फ्री बनाने के लिए वित्त मंत्रालय से बातचीत करने की तैयारी में है।

EPF के SWP पर टैक्स छूट की तैयारी

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो श्रम मंत्रालय वित्त मंत्रालय से EPF के SWP के तहत मिलने वाले मासिक भुगतान को टैक्स फ्री करने की मांग करेगा। इसके लिए इनकम टैक्स एक्ट, 2025 में जरूरी संशोधन करने पर चर्चा की जा सकती है।श्रम मंत्रालय इस सुविधा को EPF से मिलने वाले एकमुश्त भुगतान की तरह टैक्स छूट के दायरे में लाना चाहता है।

फिलहाल EPF अकाउंट के पांच साल पूरे होने के बाद नियमों के तहत निकाली गई एकमुश्त रकम सामान्यतः टैक्स फ्री होती है। अब सरकार चाहती है कि किस्तों में पैसा निकालने वाले कर्मचारियों को भी इसी तरह का टैक्स लाभ मिल सके।

महीने, तिमाही या छह महीने में निकाल सकेंगे पैसा

EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 240वीं बैठक में 19 नवंबर 2026 को SWP सुविधा को मंजूरी दी गई। इसके तहत रिटायर होने वाले कर्मचारी अपने PF खाते में जमा रकम को हर महीने, तीन महीने या छह महीने के अंतराल पर निकाल सकेंगे। खास बात यह है कि जितनी रकम खाते से निकाली जाएगी, उसके बाद बची हुई राशि पर ब्याज मिलता रहेगा।

इससे रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को नियमित आमदनी का एक विकल्प मिल सकता है। उन्हें अपना पूरा PF फंड एक साथ निकालने की जरूरत नहीं होगी। इससे रिटायरमेंट कॉर्पस को लंबे समय तक बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है।

रिटायरमेंट के बाद भी जारी रह सकता है PF योगदान

इस प्रस्ताव में एक और अहम बदलाव की बात कही गई है। CBT ने कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद भी EPF में योगदान जारी रखने की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा है। फिलहाल रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी अपने EPF कॉर्पस में योगदान नहीं कर सकते। श्रम मंत्रालय रिटायरमेंट के बाद जमा होने वाले योगदान पर मिलने वाले ब्याज को भी टैक्स फ्री करने की मांग कर सकता है।

कर्मचारी की मृत्यु होने पर क्या होगा?

SWP का लाभ ले रहे किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके नॉमिनी या आश्रित के पास दो विकल्प होंगे। वे चाहें तो PF खाते में बची पूरी रकम निकाल सकते हैं या फिर पहले से तय किस्तों में भुगतान जारी रख सकते हैं। हालांकि, SWP भुगतान और रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले ब्याज पर टैक्स छूट के प्रस्ताव अभी अंतिम नहीं हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article