दुनिया

10 मिसाइलें और 121 ड्रोन... रूस ने कीव पर रातभर किए ताबड़तोड़ हमले, धमाकों की गूंजी आवाज; 10 लोग घायल

Russia Ukraine War: रूस ने शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइलों और ड्रोन से बड़ा हमला किया, जिसमें एक बच्चे सहित कम से कम 10 लोग घायल हो गए।

Image

रूस ने कीव पर किए ताबड़तोड़ हमले,

Photo : AP

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच चार साल से भी ज्यादा समय से युद्ध छिड़ा हुआ है और थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस बीच, रूस ने शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइलों और ड्रोन से बड़ा हमला किया, जिसमें एक बच्चे सहित कम से कम 10 लोग घायल हो गए।

कीव में सुनाई दी धमाकों की आवाज

यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा के मुताबिक, हमले के बाद राजधानी के सोलोमियांस्की, डार्नित्स्की और ड्नीप्रोव्स्की जिलों में कई धमाके हुए और आग लग गई। सोलोमियांस्की जिले में मिसाइल हमले के कारण तीन मंजिला गोदाम की इमारत में भीषण आग लग गई। वहीं, ड्नीप्रोव्स्की जिले में भी एक गोदाम पर हमला होने के बाद आग भड़क उठी।

यूक्रेनी वायुसेना के मुताबिक, रूस ने रातभर में बैलिस्टिक मिसाइलें समेत 10 मिसाइलें और 121 ड्रोग दागे। साथ ही, यूक्रेनी एयर डिफेंस ने दो मिसाइलों और 111 ड्रोन को मार गिराने या इलेक्ट्रॉनिक तरीके से निष्क्रिय करने का दावा किया है। वायुसेना के मुताबिक, बैलिस्टिक मिसाइलों, दो गाइडेड एयर-टू-सरफेस मिसाइलों और सात अटैक ड्रोन ने कुल 11 स्थानों को सीधे निशाना बनाया, जबकि निष्क्रिय किए गए हथियारों का मलबा तीन स्थानों पर गिरा।

ड्रोन निर्माण सुविधा को बनाया निशाना

दूसरी ओर, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसके हमलों का लक्ष्य कीव में ड्रोन निर्माण सुविधाएं और यूक्रेन के दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र के इज़माइल तथा चोर्नोमोर्स्क बंदरगाह थे। रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में यूक्रेन के 178 ड्रोन तबाह कर दिए। ये ड्रोन रूस के आठ क्षेत्रों के अलावा क्रीमिया प्रायद्वीप तथा काला सागर और आज़ोव सागर के ऊपर नष्ट किए गए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article