दुनिया

UK Train Accident: लंदन में दो ट्रेनों के बीच जबरदस्त टक्कर; ड्राइवर की मौत; 80 से अधिक घायल

UK Train Accident ब्रिटेन के बेडफोर्ड इलाके के पास शुक्रवार शाम बड़ा रेल हादसा हुआ, जहां ईस्ट मिडलैंड्स रेलवे (EMR) की दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गईं। हादसे में एक ट्रेन ड्राइवर की मौत हो गई और करीब 89 लोग घायल हुए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई गई। घटना के बाद इसे “मेजर इंसिडेंट” घोषित कर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। जांच एजेंसी (RAIB) हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इससे पहले भी ब्रिटेन में 2023 और 2020 में बड़े रेल हादसे हो चुके हैं।

Image

लंदन के बेडफोर्ड इलाके के पास शुक्रवार शाम बड़ा रेल हादसा हो गया।

UK Train Accident ब्रिटेन की राजधानी लंदन के बेडफोर्ड इलाके के पास शुक्रवार शाम बड़ा रेल हादसा हो गया। ईस्ट मिडलैंड्स रेलवे (EMR) की दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गईं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 89 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक रेल दुर्घटना, स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5 बजकर 15 मिनट पर हुई। दोनों ट्रेनें लंदन सेंट पैनक्रास स्टेशन की ओर जा रही थीं। दुर्घटना के बाद मौके पर बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

'यह एक मेजर इंसिडेंट'

ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस ने बताया कि घटना को “मेजर इंसिडेंट” घोषित कर दिया गया है। मौके पर 20 से ज्यादा एम्बुलेंस, एयर एम्बुलेंस और विशेष आपदा प्रतिक्रिया टीमें भेजी गईं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया। ईस्ट ऑफ इंग्लैंड एम्बुलेंस सेवा ने बाद में बताया कि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, 22 लोग घायल हुए हैं और 56 लोगों को चोटें आई हैं।

ट्रेन ड्राइवर की मौत

रिपोर्ट्स के अनुसार, घायलों में 11 लोगों की हालत बेहद गंभीर, 22 गंभीर रूप से घायल और बाकी को हल्की चोटें आई हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मृतक ट्रेन ड्राइवर बताया जा रहा है, हालांकि हादसे की वजह की जांच जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर अचानक हुई और कई यात्री सीटों से उछल गए। हादसे के बाद कुछ समय के लिए ल्यूटन–बेडफोर्ड रेल मार्ग पर सेवाएं रोक दी गईं। रेल दुर्घटना जांच एजेंसी (RAIB) ने जांच शुरू कर दी है।

इससे पहले सितंबर 2023 में स्कॉटलैंड के हाइलैंड्स में स्थित एविएमोर रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनों की टक्कर के बाद कई लोग घायल हो गए थे । यह दुर्घटना स्ट्रैथस्पे रेलवे पर हुई थी। इसके अलावा, अगस्त 2020 में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद एबरडीन से ग्लासगो जाने वाली एक सुबह की ट्रेन पटरी से उतर गई, जिससे उत्तरपूर्वी स्कॉटलैंड के स्टोनहेवन शहर के पास तीन लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में ट्रेन ड्राइवर, एक कंडक्टर और एक यात्री की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article