दुनिया

UK Attack: यहूदी प्रार्थना स्थल पर हमले में 2 लोगों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

पुलिस ने शुरुआत में कहा था कि चार अन्य लोगों का इलाज किया जा रहा है। बाद में पुलिस ने पीड़ितों की संख्या बढ़ाकर पांच कर दी।

Image

UK Attack: यहूदी प्रार्थना स्थल पर हमले में 2 लोगों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

उत्तरी इंग्लैंड में बृहस्पतिवार को एक यहूदी प्रार्थना स्थल पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि संदिग्ध हमलावर भी पुलिस की गोली लगने से मारा गया है, लेकिन इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी क्योंकि उसके पास विस्फोटक होने की आशंका है।

पुलिस ने बताया कि बम निरोधक दल घटनास्थल पर मौजूद है।यह घटना उस समय हुई जब लोग योम किप्पुर पर एक प्रार्थना स्थल पर एकत्र हुए थे। योम किप्पुर ‘प्रायश्चित का दिन’ है और यहूदी कैलेंडर का सबसे पवित्र दिन है।ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने ‘एक्स’ पर कई पोस्ट में कहा कि उसके पास क्रम्पसॉल में ‘हीटन पार्क हिब्रू कांग्रेगेशन सिनागॉग’ में सुबह साढ़े नौ बजे के बाद एक व्यक्ति की कॉल आई थी।

पुलिस के अनुसार उस व्यक्ति ने बताया कि उसने एक कार को आम लोगों की ओर आते देखा था और एक व्यक्ति को चाकू मारा गया था।

पुलिस ने बताया कि इसके कुछ ही मिनट बाद अधिकारियों ने गोलियां चला दीं।इसने बताया, 'एक व्यक्ति को गोली मारी गई है, माना जा रहा है कि वह अपराधी है।'

पुलिस ने शुरुआत में कहा था कि चार अन्य लोगों का इलाज किया जा रहा है। बाद में पुलिस ने पीड़ितों की संख्या बढ़ाकर पांच कर दी।पुलिस ने 'प्लेटो' घोषित किया था, जो कि राष्ट्रीय कोड-शब्द है जिसका उपयोग पुलिस और आपात सेवाओं द्वारा 'आतंकवादी हमले' का जवाब देते समय किया जाता है। हालांकि इसका अर्थ यह नहीं है कि इसे आतंकवादी घटना घोषित किया गया है।

प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने कहा कि वह इस हमले से स्तब्ध हैं और ब्रिटेन भर के यहूदी प्रार्थना स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस अधिकारी तैनात किए जाएंगे।वह डेनमार्क के कोपेनहेगन में यूरोपीय नेताओं के शिखर सम्मेलन से जल्दी घर लौट रहे हैं, जहां उन्हें सरकार की आपातकालीन समिति की बैठक की अध्यक्षता करनी थी।

स्टार्मर ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘यह तथ्य कि यह घटना यहूदी कैलेंडर के सबसे पवित्र दिन योम किप्पुर पर हुई है, इसे और भी भयावह बनाता है।’’उन्होंने कहा, 'यह बहुत ही पवित्र दिन है और पूरे देश में प्रार्थना स्थलों में पूरे दिन लोगों की भीड़ रहेंगी।' उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख यहूदी त्योहारों पर पुलिस और यहूदी समुदाय 'एक महत्वपूर्ण सुरक्षा अभियान' चलाते हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article