दुनिया

तुर्की का दावा: ISIS के नए सरगना अल-कुरैश को किया ढेर, आतंकी संगठन की टूटी कमर

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 1, 2023, 07:22 AM IST

दक्षिणी सीरिया में एक ऑपरेशन में पिछले आईएस नेता के मारे जाने के बाद आईएस ने नवंबर 2022 में अल-कुरैशी को अपना नेता चुना था।

Image

तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन

Photo : ANI

तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन ने रविवार को कहा कि तुर्की के खुफिया बलों ने इस्लामिक स्टेट के नेता अबू हुसैन अल-कुरैशी को सीरिया में मार गिराया। एर्दोगन ने टीआरटी तुर्क ब्रॉडकास्टर के साथ एक इंटरव्यू में कहा इस आतंकी को रविवार को सीरिया में तुर्की के राष्ट्रीय खुफिया संगठन द्वारा चलाए गए एक ऑपरेशन में ढेर कर दिया गया। एर्दोगन ने कहा कि खुफिया संगठन लंबे समय से कुरैशी का पीछा कर रहा था।

उत्तरी सीरिया के जंडारिस शहर में कार्रवाई

सीरियाई स्थानीय और सुरक्षा सूत्रों ने कहा कि ऑपरेशन उत्तरी सीरिया के जंडारिस शहर में हुआ, जो तुर्की समर्थित विद्रोही समूहों द्वारा नियंत्रित है। 6 फरवरी को आए भूकंप से यह क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ था, जिसने तुर्की और सीरिया दोनों को प्रभावित किया था। एक विपक्षी गुट सीरियन नेशनल आर्मी जिसकी क्षेत्र में सुरक्षा मौजूदगी है, उसने तुरंत कोई टिप्पणी जारी नहीं की।

यहां के एक निवासी ने कहा कि शनिवार से रविवार तक जंदारी के किनारे पर संघर्ष शुरू हुआ, जो लगभग एक घंटे तक चला। बाद में लोगों को एक बड़ा विस्फोट सुनाई दिया। इसके बाद में इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया था ताकि कोई भी इलाके में न आ सके। दक्षिणी सीरिया में एक ऑपरेशन में पिछले आईएस नेता के मारे जाने के बाद आईएस ने नवंबर 2022 में अल-कुरैशी को अपना नेता चुना था।

इस्लामिक स्टेट ने 2014 में कई इलाकों पर किया था कब्जा

इस्लामिक स्टेट ने 2014 में इराक और सीरिया के विशाल क्षेत्रों पर कब्जा कर लिया था और उस समय उसके प्रमुख अबू बक्र अल-बगदादी ने पूरे क्षेत्र में एक इस्लामी खिलाफत घोषित कर दिया था, जिसमें लाखों लोग रहते थे। लेकिन सीरिया और इराक में अमेरिकी समर्थित बलों के अभियानों के साथ-साथ ईरान, रूस और कई देशों के अर्धसैनिक बलों द्वारा समर्थित सीरियाई बलों के अभियानों के बाद आईएस ने इस क्षेत्र पर अपनी पकड़ खो दी।

दूरदराज इलाकों में छिपे हैं आतंकी

इसके बाकी हजारों आतंकवादी हाल के वर्षों में ज्यादातर दोनों देशों के दूरदराज के भीतरी इलाकों में छिपे हुए हैं, हालांकि वे अभी भी बड़ी घटना को अंजाम देने में सक्षम हैं। सीरियाई डेमोक्रेटिक फोर्सेस (एसडीएफ) के नाम से जाने जाने वाले कुर्द नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ अमेरिकी नेतृत्व वाला गठबंधन अभी भी सीरिया में आईएस अधिकारियों के खिलाफ छापेमारी कर रहा है। कुछ मामलों में आईएस के बड़े आतंकियों को उन इलाकों में छिपकर टारगेट किया गया है जहां तुर्की का बड़ा प्रभाव है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article