दुनिया

व्हाइट हाउस ने लॉन्च की TrumpRx वेबसाइट, क्या है ट्रंप की ये नई हेल्थ पॉलिसी?

Trumprx Website: ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका में दवाओं की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए TrumpRx.gov नाम की नई सरकारी वेबसाइट लॉन्च की है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए मरीज दवाएं सीधे दवा बनाने वाली कंपनियों से खरीद सकेंगे, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और कीमतें कम होने का दावा किया गया है।

Image

अमेरिका में दवाइयों पर ट्रंप का बड़ा दांव, लॉन्च हुई TrumpRx वेबसाइट।

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
TrumpRx.gov के जरिए मरीज दवाएं सीधे दवा बनाने वाली कंपनियों से खरीद सकेंगे

बिचौलियों को हटाकर प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की कीमत कम करने का दावा

Most-Favored-Nation मॉडल के तहत अंतरराष्ट्रीय कीमतों से होगी तुलना

Trumprx Website: अमेरिका में स्वास्थ्य संबंधी लागत को कम करने के लिए व्हाइट हाउस ने गुरुवार को ट्रंप आरएक्स डॉट जीओवी (TrumpRx.gov) नामक नई दवा वेबसाइट लॉन्च की है। इसका उद्देश्य मरीजों को कम कीमतों पर प्रिस्क्रिप्शन दवाइयां उपलब्ध कराना है। इस पहल की घोषणा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यक्रम में की, जिसमें उन्होंने कहा कि यह कदम अमेरिकियों के पैसों को बचाने में मदद करेगा।

बता दें कि TrumpRx वेबसाइट सीधे दवाइयां नहीं बेचती है। यह एक सरकारी वेबसाइट रहेगी, जिसके जरिए मरीज दवाएं सीधे दवा बनाने वाली कंपनियों से खरीद सकेंगे। सरकार का दावा है कि बीच के बिचौलिये हटने से दवाओं के दाम कम हो जाएंगे।

Untitled design (77)

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वास्थ्य और मानव सेवा सचिव रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर और मेडिकेयर एवं मेडिकेड सेवा केंद्र के प्रशासक डॉ. मेहमत ओज की फोटो।

कैसे काम करेगी वेबसाइट?

TrumpRx.gov उपयोगकर्ताओं को यह देखने की इजाजत देता है कि उनकी प्रिस्क्रिप्शन दवाइयां अन्य विकसित देशों की तुलना में सबसे कम कीमत पर (Most-Favored-Nation pricing) उपलब्ध हैं या नहीं।

उपयोगकर्ता उस दवा को चुन सकते हैं और फिर सीधे निर्माता की वेबसाइट या कूपन के जरिये खरीद कर सकते हैं। इससे भुगतान व्यवस्था पारंपरिक बीमा से अलग होती है, और लाभ कुछ ही मामलों में बीमा योग्य लागत के रूप में नहीं गिने जाएंगे।

इस योजना के तहत मरीजों को दवाएं सीधे कंपनियों से मिलेंगी। प्रशासन का कहना है कि अमेरिका दुनिया में दवाओं का सबसे बड़ा खरीदार है इसलिए यहां के लोगों को सबसे अच्छी कीमत मिलनी चाहिए।

ट्रंप ने दवा कंपनियों के साथ की बातचीत

यह पहल ऐसे समय में आई है जब अमेरिका में उच्च स्वास्थ्य खर्च और महंगाई एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दा बने हुए हैं। ट्रंप प्रशासन ने पिछले महीनों में कई दवा कंपनियों के साथ मूल्य समझौते किए हैं, जिसे सरकार “Most-Favored-Nation” मॉडल कह रही है। हालांकि यह कदम कुछ मरीजों के लिए राहत पैदा कर सकता है, लेकिन विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि जिनके पास बीमा कवरेज है, उनके लिए यह लाभ सीमित या अलग हो सकता है।

विशेषज्ञ मानते हैं कि यह वेबसाइट व्यापक दवा मूल्य सुधार का समाधान नहीं हो सकती, क्योंकि दवा की कुल लागत, बीमा कवरेज और रोगियों की अलग-अलग जरूरतों को देखते हुए कई चुनौतियां अभी भी बरकरार हैं।

ट्रंप ने क्या-क्या कहा?

ट्रंप ने गुरुवार को वेबसाइट की लॉन्चिंग के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कहा,"आप (अमेरिकी नागरिक) बहुत सारा पैसा बचाएंगे। यह स्वास्थ्य सेवा के लिए भी बहुत अच्छा है।" ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया कि दवा कंपनियों पर दबाव डालने से ही कीमतें कम हो पाई हैं।

उन्होंने कहा कि उन्होंने कंपनियों से यह मांग की थी कि वे अमेरिका में भी अन्य देशों के बराबर ही कीमतें वसूलें। उन्होंने कहा कि इसके परिणामस्वरूप विदेशी देशों में दवाओं की कीमतें बढ़ जाएंगी। उन्होंने कहा कि हम दुनिया को सब्सिडी देते-देते थक गए हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article