दावोस में ट्रंप-जेलेंस्की के बीच एक घंटे तक हुई बातचीत; ट्रंप बोले- बहुत हुआ, अब युद्ध खत्म होना चाहिए
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Jan 22, 2026, 07:57 PM IST
दावोस से रवाना होते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मुलाकात को अच्छा करार दिया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के साथ उनकी मुलाकात अच्छी रही। साथ ही इस दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि युद्ध समाप्त होना चाहिए।
ट्रंप-जेलेंस्की (AP)
दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इस बैठक से इतर मुलाकात की। दोनों के बीच हुई यह बैठक करीब एक घंटे तक चली। यूक्रेनी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता सेरही न्यकीफोरोव ने इस बारे में जानकारी दी। वहीं, दावोस से रवाना होते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मुलाकात को अच्छा करार दिया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के साथ उनकी मुलाकात अच्छी रही। साथ ही इस दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि युद्ध समाप्त होना चाहिए।
दावोस से रवाना होने से पहले मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा मैंने यहां राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की। हम (अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल) आज या कल राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि अब युद्ध समाप्त होना चाहिए। बहुत से लोग मारे गए हैं।
करीब एक घंटे तक चली जेलेंस्की-ट्रंप की बैठक
यूक्रेनी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता सेरही न्यकीफोरोव ने कहा कि बैठक के अंत में दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त आमने-सामने बातचीत भी हुई। हालांकि इस दौरान कोई फोटो सेशन नहीं हुआ और न ही मीडिया के सवाल लिए गए।
रूस-यूक्रेन युद्ध पर चर्चा के संकेत
मुलाकात से पहले ट्रंप ने कहा था कि रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करना उनकी प्राथमिकता है। ‘बोर्ड ऑफ पीस’ के लॉन्च कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हम यूक्रेन में हो रही भयावह हत्याओं को खत्म करने की दिशा में काम कर रहे हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधि गुरुवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे।