Ara Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले के आरा शहर में अपराधियों ने सरेआम एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे दी है। शहर के नवादा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जैन कॉलेज के पास अपराधियों ने एक रिटायर्ड कस्टम अधिकारी को ताबड़तोड़ गोलियों से भून दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान राम कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी होने के साथ-साथ क्षत्रिय संघ भोजपुर के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।
बेटे के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे रामकुमार सिंह
मिली जानकारी के अनुसार, रामकुमार सिंह गुरुवार की सुबह अपने बेटे के साथ घर के बाहर मॉर्निंग वॉक (सैर) के लिए निकले थे। जैसे ही वे जैन कॉलेज के पूर्वी गेट के पास पहुंचे, घात लगाए बैठे बेखौफ अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अपराधियों ने उन्हें एक के बाद एक कुल आठ गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सरेआम हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे इलाके में भारी दहशत और सनसनी फैल गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़िए- क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड? VIP विवाद से लेकर माता-पिता के धरने तक, जानिए अब तक क्या-क्या हुआ
जांच में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नवादा थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दिनदहाड़े एक प्रतिष्ठित शख्सियत की इस तरह हत्या किए जाने से स्थानीय लोगों और परिजनों में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पहली नजर में मामला जमीनी विवाद का लग रही है। जिसको लेकर परिवार की ओर से कई अथॉरिटीज को आवेदन दिए गये थे। पुलिस ने कहा है कि जिनलोगों का नाम आ रहा है उनपर कार्रवाई होगी। बता दें कि मामले में किसी सफेदपोश और पुलिस अधिकारी का नाम भी सामने आया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और FSL टीम की भी मदद ली जा रही है।
शव रखकर लोग कर रहे प्रदर्शन
घटना से नाराज लोगों ने आरा-पटना मुख्य मार्ग पर सपना सिनेमा मोड़ के समीप मृतक का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सड़क जाम के कारण आवागमन बाधित हो गया। आक्रोशित लोग मुख्यमंत्री और कमिश्नर को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद और मुख्यमंत्री मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। हत्या की वारदात के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन कर रहे लोग घटना को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
