Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर कार्रवाई को लेकर बहुत बड़ी चेतावनी दी है। G-7 शिखर समिट में हिस्सा लेने कनाडा पहुंचे ट्रंप अपने तय समय से पहले इस शिखर सम्मेलन को छोड़कर जा रहे हैं। इस बारे में व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जी-7 समिट से पहले वहां से निकल जाएंगे क्योंकि उन्होंने बहुत सारी अहम बैठकों में शामिल होना है। इस बीच, ट्रंप ने लोगों से तत्काल तेहरान छोड़ देने की अपील की है। ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष काफी बढ़ गया है और इस यह बड़ा रूप अख्तियार कर सकता है।
रात्रिभोज के बाद रवाना होंगे ट्रंप
व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 'G-7 समिट में राष्ट्रपति ट्रंप का पहला दिन बहुत ही अच्छा रहा। ब्रिटेन के साथ ट्रेड डील पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ हस्ताक्षर हुए। बहुत चीजें पूरी कर ली गई हैं लेकिन मध्य पूर्व में जो कुछ हो रहा है उसे देखते हुए राष्ट्रपति को जी-7 समिट तय समय से पहले छोड़ना पड़ रहा है। वह राष्टाध्यक्षों के साथ रात्रिभोज करने के बाद समिट से निकल जाएंगे।'
'सभी लोग तत्काल तेहरान छोड़ दें'
इससे पहले अपने एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि 'ईरान को डील पर हस्ताक्षर कर देने चाहिए थे। मैंने उनसे डील करने के लिए कहा था। यह कितना शर्मनाक और मानव जीवन का नुकसान करने वाला है। मैंने साफ कहा था कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता है। मैंने यह बात बार-बार कही थी। इसलिए सभी को अब तेहरान तत्काल छोड़ देना चाहिए।'
संघर्ष को बढ़ने से रोकना जरूरी है-स्टार्मर
कनाडा में सोमवार से शुरू हुए जी-7 शिखर सम्मेलन में वैश्विक नेता इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को कम करने के लिए प्रयासरत रहे।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों से तुरंत बातचीत शुरू करने की अपील की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, 'उन्हें बात करनी चाहिए, और तुरंत करनी चाहिए।' ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा कि सभी जी 7 देश मानते हैं कि इस संघर्ष को बढ़ने से रोकना ज़रूरी है, क्योंकि इससे गाजा की स्थिति और वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
...तो रूस-यूक्रेन युद्ध नहीं होता-अमेरिकी राष्ट्रपति
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी7 शिखर सम्मेलन की शुरुआत में सुझाव दिया कि रूस और शायद चीन को भी इस समूह में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जी7 को जी8 या जी9 बनाया जा सकता है। ट्रंप ने 2014 में रूस को जी-8 से हटाए जाने को 'बहुत बड़ी गलती' बताया। उन्होंने दावा किया, 'अगर उस समय रूस को नहीं निकाला गया होता और मैं राष्ट्रपति होता, तो यह युद्ध (रूस यूक्रेन का युद्ध) नहीं होता।'
