दुनिया

आखिर ट्रंप चाहते क्या हैं: 'हमारी शर्तों पर नहीं की बातचीत तो रीसेट बटन दबाने के लिए रेडी'; ईरान को दी धमकी

इस्लामाबाद में समझौते की मेज पर किसी सहमति से पहले ही अमेरिका के राष्ट्रपति ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट कर सनसनी फैला दी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वार्ता उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप आगे नहीं बढ़ती, तो अमेरिका 'रीसेट' जैसे सख्त कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगा।

Image

डोनाल्ड ट्रंप

इस समय पूरी दुनिया की नजरें पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पर इस उम्मीद पर टिकी हैं जहां ईरान और अमेरिका अपनी दशकों पुरानी दुश्मनी को खत्म कर एक समझौते की ओर बढ़ना चाहते हैं। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने पाकिस्तान में आमने-सामने की भी मुलाकात की है। लेकिन इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने बयानों से माहौल को गर्म कर दिया है। उन्होंने वार्ता से पहले ईरान को धमकी देते हुए असफल राष्ट्र करार दिया है।

क्या बोले ट्रंप

एक मीडिया इंटरव्यू में ट्रंप ने साफ कहा कि ईरान पूरी तरह से असफल राष्ट्र बन चुका है। अमेरिका उससे बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन किसी भी कीमत पर अपनी शर्तों से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वार्ता उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप आगे नहीं बढ़ती, तो अमेरिका “रीसेट” जैसे सख्त कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगा।

'फेक न्यूज' ईरान को जीतता हुआ दिखा रहे

ट्रंप ने वैश्विक तेल व्यापार के अहम मार्ग Strait of Hormuz को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस जलडमरूमध्य को व्यापार के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। उन्होंने लिखा कि 'फेक न्यूज' ईरान को जीतता हुआ दिखा रहा है, जबकि हकीकत में वह “बुरी तरह हार रहा है।” ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की नौसेना और वायुसेना लगभग खत्म हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि ईरान का एयर डिफेंस सिस्टम, रडार नेटवर्क और मिसाइल-ड्रोन फैक्ट्रियां भी बड़े पैमाने पर नष्ट कर दी गई हैं। ट्रंप के मुताबिक, ईरान के कई शीर्ष नेता भी अब जीवित नहीं हैं।

Strait of Hormuz को सुरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू

उन्होंने आगे कहा कि दुनिया के लिए अहम समुद्री मार्ग Strait of Hormuz को सुरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ट्रंप ने इसे वैश्विक देशों के हित में उठाया गया कदम बताया और कहा कि चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, फ्रांस और जर्मनी जैसे देश इस काम में खुद आगे नहीं आ रहे। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि कई देशों के खाली तेल टैंकर अब अमेरिका की ओर रुख कर रहे हैं, जहां वे तेल लोड करेंगे।

ईरान के पास होर्मुज के अलावा कोई ठोस विकल्प नहीं बचा

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि ईरान के पास बातचीत में दबाव बनाने के लिए अब होर्मुज के अलावा कोई ठोस विकल्प नहीं बचा है। उनके अनुसार, ईरान की अर्थव्यवस्था इस कदर कमजोर हो चुकी है कि वह बातचीत करने को मजबूर है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article