शहर

नोएडा में भीषण अग्निकांड, ममूरा गांव में बहुमंजिला इमारत में लगी आग, 50 परिवार फंसे; दो लोगों की मौत

नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र के ममूरा गांव में इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग के बाद भीषण आग लग गई। आग तेजी से मकान में फैलने से करीब 50 परिवार फंस गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।

Image

नोएडा के मामूरा गांव में भीषण आग लगी

नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र के ममूरा गांव में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग तेजी से बिल्डिंग में फैली, जिसमें करीब 50 परिवार फंस गए। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। दमकल की टीम ने समय रहते अंदर फंसे परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

EV चार्जिंग के दौरान लगी आग

पुलिस के अनुसार, आग पांच मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में लगी, जहां एक इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज किया जा रहा था। चार्जिंग के दौरान स्पार्किंग होने से पास में खड़े पेट्रोल वाहनों में भी आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को चपेट में ले लिया। आग के बाद पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया, जिससे कई लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। दो लोगों (एक महिला और एक पुरुष) की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

50 परिवारों का सुरक्षित रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सात फायर टेंडर और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इमारत में रहने वाले लगभग 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी मंजिलों पर बने फ्लैटों और कमरों में फंसे लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला गया।

बिल्डिंग मालिक हिरासत में

पुलिस ने बताया कि मामले में थाना फेज-3 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बिल्डिंग के मालिक और लीज होल्डर को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक बाइक (EV) की चार्जिंग के दौरान हुई स्पार्किंग बताई जा रही है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच जारी है।

मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा की आग की घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को बेहतर व समय पर इलाज उपलब्ध कराने और पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article