Witkoff, Kushner to visit Moscow and Kyiv : रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध खत्म कराने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने प्रयास एक बार फिर तेज कर दिए हैं। ट्रंप ने कहा है कि शांति योजना के प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए उनके दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेर्ड कुशनर इस सप्ताह के अंत में मास्को और कीव की यात्रा करेंगे। कुशनर, ट्रंप के दामाद हैं जबकि विटकॉफ उनके रीयल स्टेट कारोबार के साथी हैं।
'युद्ध खत्म करने का प्रस्ताव लेकर जा रहे'
ट्रंप ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से कहा, 'वे अपने साथ युद्ध खत्म करने का प्रस्ताव लेकर जा रहे हैं।' राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर को यह देखने के लिए भेजा है कि क्या इस मामले में कोई समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा, 'और शायद हमारे पास इसे करने का अच्छा मौका भी हो सकता है।' विटकॉफ और कुशनर के सप्ताहांत में पहले मॉस्को और फिर कीव जाने की उम्मीद है। उनकी यात्रा अगले सप्ताह की शुरुआत तक जारी रह सकती है।
जिनपिंग के सम्मान में स्टेट डिनर
यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब रूस और यूक्रेन के बीच हवाई युद्ध तेज हो गया है। शुक्रवार को इससे पहले एक रूसी ड्रोन ने मध्य कीव में स्थित यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के मुख्यालय को निशाना बनाया। ट्रंप ने इस महीने के अंत में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की वॉशिंगटन यात्रा को लेकर भी संकेत दिए। उन्होंने बताया कि वह शी जिनपिंग के सम्मान में स्टेट डिनर आयोजित करेंगे।
जिनपिंग को ट्रंप ने बताया 'महान' व्यक्ति
शी के बारे में ट्रंप ने कहा, 'हम इसका इंतजार कर रहे हैं। वह एक महान व्यक्ति हैं। हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'हमारे बीच व्यापारिक संबंध बहुत अच्छे हैं। आप जानते हैं, चीन हमारा प्रतिस्पर्धी है और ये सब बातें हैं। लेकिन राष्ट्रपति शी के साथ हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं।' ट्रंप ने यह भी बताया कि व्हाइट हाउस के लॉन में बनाया जा रहा नया हेलिपैड शी जिनपिंग की यात्रा के समय तक तैयार हो जाएगा।
