दुनिया

आज अलास्का में मिलेंगे ट्रंप-पुतिन, अमेरिकी राष्ट्रपति का दावा-डील करने को तैयार हैं उनके रूसी समकक्ष

इस मुलाकात से पहले ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा है कि उन्हें लगता है कि पुतिन युद्ध खत्म करने के लिए तैयार हैं लेकिन शांति समझौते के लिए एक दूसरी बैठक भी जरूरी है जिसमें यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की मौजूदगी हो।

Image

अलास्का में आज मिलेंगे पुतिन और ट्रंप। तस्वीर-AP, फाइल

Photo : AP

Trump-Putin meeting : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को अलास्का की राजधानी एंकोरेज में मिलने वाले हैं। इस द्विपक्षीय बैठक में दोनों राष्ट्रपति रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए किसी पीस डील पर सहमत हो सकते हैं। इस मुलाकात पर दुनिया भर की नजरें लगी हैं। इस मुलाकात से पहले ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा है कि उन्हें लगता है कि पुतिन युद्ध खत्म करने के लिए तैयार हैं लेकिन शांति समझौते के लिए एक दूसरी बैठक भी जरूरी है जिसमें यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की मौजूदगी हो।

पुतिन ने ट्रंप की सराहना की

इससे पहले रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों की बृहस्पतिवार को प्रशंसा की। यह बयान ऐसे वक्त आया है जब दोनों नेता अलास्का में शुक्रवार को होने वाले अहम अमेरिका-रूस शिखर बैठक की तैयारी कर रहे हैं। शिखर सम्मेलन को लेकर शीर्ष सरकारी अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार को हुई बैठक के बाद, पुतिन ने क्रेमलिन द्वारा जारी एक लघु वीडियो में कहा कि ट्रंप प्रशासन शत्रुता को समाप्त करने के लिए काफी सक्रिय और ईमानदार प्रयास कर रहा था, और ऐसे समझौते पर पहुंचने की कोशिश में है जो सभी संबंधित पक्षों के हित में हों।

लंदन में ज़ेलेंस्की का स्वागत

पुतिन ने यह भी सुझाव दिया कि परमाणु हथियार नियंत्रण पर अमेरिका के साथ एक समझौते के तहत "हमारे देशों के बीच, यूरोप में और समग्र रूप से विश्व में शांति की दीर्घकालिक स्थिति" स्थापित की जा सकती है। तीन साल पहले रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था। इस बीच, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की और अन्य यूरोपीय नेताओं ने यह सुनिश्चित करने के लिए काम किया कि जब ट्रंप और पुतिन मिलें तो उनके हितों को ध्यान में रखा जाए। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने ट्रंप-पुतिन बैठक से एक दिन पहले यूक्रेन के प्रति ब्रिटिश समर्थन प्रदर्शित करते हुए बृहस्पतिवार को को लंदन में ज़ेलेंस्की का स्वागत किया।

दोनों प्रतिनिधिमंडलों के बीच बैठक होगी

रूसी समाचार संस्था ‘इंटरफैक्स’ के अनुसार, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि शुक्रवार के शिखर सम्मेलन के दौरान दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की कोई योजना नहीं है और वार्ता के परिणामों का पूर्वानुमान लगाना एक "बड़ी गलती" होगी। क्रेमलिन ने बृहस्पतिवार को बताया कि ट्रंप और पुतिन के बीच बैठक स्थानीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे शुरू होगी। पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने संवाददाताओं को बताया कि ट्रंप और पुतिन पहले आमने-सामने की बैठक करेंगे, उसके बाद दोनों प्रतिनिधिमंडलों के बीच बैठक होगी। इसके बाद "वर्किंग ब्रेकफ़ास्ट" पर बातचीत जारी रहेगी। इसके बाद एक संयुक्त प्रेस वार्ता होगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article