दुनिया

America 250 Event: ट्रंप के संबोधन से पहले 'अमेरिका 250' कार्यक्रम से मची अफरा-तफरी, जानिए आखिर क्या थी वजह?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'America 250' कार्यक्रम से पहले वॉशिंगटन डीसी के नेशनल मॉल को खराब मौसम और तेज तूफान की आशंका के चलते खाली करा दिया गया। यूएस सीक्रेट सर्विस ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की, जबकि कई लोग अपनी सीटें बचाने के लिए दोबारा कार्यक्रम स्थल की ओर दौड़ पड़े। आयोजकों ने लोगों को आसपास के संग्रहालयों, संघीय इमारतों और भूमिगत मेट्रो स्टेशनों में शरण लेने की सलाह दी है।

Image

अमेरिका 250' कार्यक्रम में तूफान की वजह से मची अफरा-तफरी। AP

Photo : AP

अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'अमेरिका 250' कार्यक्रम से पहले वॉशिंगटन डीसी के नेशनल मॉल में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। खराब मौसम और तेज गरज-चमक वाले तूफान की आशंका के चलते अधिकारियों ने एहतियातन पूरे कार्यक्रम स्थल को खाली करा दिया। यूएस सीक्रेट सर्विस ने लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।

हालांकि, इंडिपेंडेंस डे समारोह में शामिल होने पहुंचे कई लोग अपनी सीटें सुरक्षित रखने के लिए दोबारा नेशनल मॉल की ओर दौड़ पड़े, जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। 'Freedom 250' की प्रवक्ता डेनिएल अल्वारेज ने कहा कि कार्यक्रम से जुड़े आगे के अपडेट बाद में जारी किए जाएंगे।

उन्होंने लोगों से आसपास के संग्रहालयों और संघीय इमारतों में शरण लेने की सलाह दी। वहीं, वॉशिंगटन मेट्रो प्रशासन ने भी अपने कई भूमिगत मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी आश्रय के तौर पर खोल दिया है। फिलहाल अधिकारी मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और हालात सामान्य होने के बाद ही कार्यक्रम को लेकर अगला फैसला लिया जाएगा।

मैं किसी भी हाल में अपना संबोधन दूंगा: ट्रंप

ट्रंप ने साफ कर दिया कि वह किसी भी हाल में अपना संबोधन देंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर किए गए पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि मौसम कार्यक्रम को और रोमांचक बना देता है और वह चाहे रात 11 बजे भाषण देना पड़े या फिर सुबह 2 बजे, कार्यक्रम में जरूर शामिल होंगे। ट्रंप ने अपने संदेश में लिखा, "बारिश हमारी 250वीं सालगिरह का जश्न नहीं रोक सकती। मैं जल्द ही व्हाइट हाउस से निकल रहा हूं। भगवान अमेरिका का भला करे।" उन्होंने कहा कि मौसम साफ होने का इंतजार किया जाएगा क्योंकि "तूफान आते हैं और चले जाते हैं।" ट्रंप ने दो सप्ताह पहले आयोजित UFC इवेंट का भी जिक्र किया, जहां भारी बारिश की आशंका जताई गई थी लेकिन मुकाबले शुरू होने से ठीक पहले मौसम साफ हो गया था। उन्होंने अमेरिकी सैन्य दिग्गजों का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वे कठिन परिस्थितियों का सामना कर सकते हैं, तो कुछ बारिश उनके कार्यक्रम को नहीं रोक सकती। ट्रंप के इस बयान के बाद स्पष्ट हो गया है कि मौसम की चुनौती के बावजूद 'America 250' समारोह तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित करने की तैयारी जारी रहेगी।

कई शहरों में हुए कार्यक्रम

हालांक, खराब मौसम के बावजूद शिकागो और न्यूयॉर्क समेत अन्य शहरों में आतिशबाजी के कार्यक्रम तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहे थे। न्यूयॉर्क में दिन के दौरान ऊंचे मस्तूल वाले जहाज स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के पास से गुजरे, जिसने 1976 में अमेरिका की 200वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के दौरान हुए समारोहों की याद ताजा कर दी।

स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वहां के नागरिकों को शुभकामनाएं दीं. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “1.4 अरब भारतीयों की ओर से मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और संयुक्त राज्य अमेरिका के लोगों को आपके ऐतिहासिक 250वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई देता हूं।”

उन्होंने भारत और अमेरिका के संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच केवल रणनीतिक साझेदारी ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र, कानून के शासन और लोगों की असीम क्षमता में साझा विश्वास भी है. प्रधानमंत्री ने कहा कि यही मूल्य भारत-अमेरिका की मित्रता को वैश्विक भलाई की एक मजबूत शक्ति बनाते हैं. उन्होंने अमेरिका के लिए आने वाले 250 वर्षों में और अधिक समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना करते हुए भारत-अमेरिका साझेदारी के नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की उम्मीद जताई।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article