इस देश में हुआ बड़ा रेल हादसा; 30 लोगों की दर्दनाक मौत, चलती ट्रेन पर गिरी थी क्रेन
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Jan 14, 2026, 05:52 PM IST
थाईलैंड में बड़ा रेल हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन क्रेन चलती ट्रेन पर गिर गई। इस हादसे में कम से कम 30 की मौत हो गई। यह हादसा महत्वाकांक्षी हाई-स्पीड रेल परियोजना निर्माण के दौरान हुआ। यह परियोजना चीन को दक्षिण-पूर्व एशिया के अधिकतर हिस्सों से जोड़ेगी।
थाईलैंड में ट्रेन हादसे में 30 की मौत। (फोटो- Canva/ai)
थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी प्रांत नाखोन राचसिमा में आज बड़ा रेल हादसा हो गया। यहां एक यात्री ट्रेन पर निर्माण कार्य में लगी क्रेन गिर गई जिसके कारण ट्रेन पटरी से उतर गई और उसमें आग लग गई। इस हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई और 64 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नाखोन रत्चासिमा प्रांत के जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, दुर्घटना उस वक्त हुई जब रेलवे के एक ऊंचे हिस्से का निर्माण करने के लिए इस्तेमाल की जा रही क्रेन बैंकॉक से उबोन रत्चाथानी प्रांत की ओर जा रही ट्रेन पर गिर गई। इस घटना के बाद ट्रेन पटरी से उतर गई और उसमें आग लग गई।
यह दुर्घटना उस हाई-स्पीड रेल परियोजना के हिस्से में हुई है, जो भविष्य में चीन को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ने के लिए बनाई जा रही है। प्रांतीय गवर्नर अनुफोंग सुकसोमनिट ने बताया कि जब हादसा हुआ उस वक्त ट्रेन में 171 यात्री सवार थे, जिनमें से चार अब भी लापता हैं। हादसे के करीब आठ घंटे बाद भी मलबे में खोज-बचाव जारी है।
कैसे हुआ हादसा
अधिकारियों के मुताबिक, बैंकॉक से उबोन राचथानी जा रही ट्रेन जब निर्माणाधीन ऊंचे ट्रैक के नीचे से गुजर रही थी, तभी निर्माण कार्य में लगी क्रेन गिर पड़ी। स्थानीय मीडिया में इस हादसे की तस्वीरें और वीडियो जारी हुए हैं। इनमें धुएं के गुबार, दो कंक्रीट के खंभों के बीच लटकी निर्माण सामग्री और बुरी तरह क्षतिग्रस्त, पलटे हुए डिब्बे दिखाई दे रहे हैं। राहतकर्मी टूटे-फूटे डिब्बों से यात्रियों को बाहर निकालते नजर आए।
हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश
परिवहन मंत्री पिफत रत्चकितप्राकन ने बताया कि उन्होंने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मी अब भी मलबे में तलाश कर रहे हैं और लोगों को प्राथमिक उपचार मुहैया करा रहे हैं।
थाई-चीनी हाई-स्पीड रेल परियोजना का हिस्सा
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में इसी रूट पर एक रेलवे सुरंग ढहने से तीन मजदूरों की मौत हो गई थी, जिसमें भारी बारिश को कारण माना गया था। यह ऊंचा ट्रैक बैंकॉक को लाओस सीमा से सटे नोंग खाई प्रांत से जोड़ने वाली थाई-चीनी हाई-स्पीड रेल परियोजना का हिस्सा है। दो चरणों वाली इस परियोजना पर 520 अरब बाट (लगभग 16.8 अरब डॉलर) से अधिक का निवेश है और यह चीन की ‘बेल्ट एंड रोड’ पहल के तहत दक्षिण-पूर्व एशिया को जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना से जुड़ी है।
थाईलैंड स्टेट रेलवे के कार्यवाहक गवर्नर अनन फोनिमदेंग ने बताया कि इटैलियन-थाई डेवलपमेंट (इताल्थाई) इस परियोजना पर काम कर रही है, वहीं डिजाइन और निर्माण निगरानी की जिम्मेदारी एक चीनी कंपनी की है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और रेलवे विभाग ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा। ट्रेन को 100 मिलियन बाट (लगभग 3.2 मिलियन डॉलर) से अधिक का नुकसान हुआ है। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के इलाज तथा मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की जिम्मेदारी लेने की बात कही है।