Russias Former Transport Minister Found Dead: रूस के पूर्व ट्रांसपोर्ट मंत्री रोमन स्टारोवोइट अपनी बर्खास्तगी के कुछ ही घंटों बाद ही मृत पाए गए हैं। रूसी समाचार आउटलेट इजवेस्टिया ने अज्ञात स्रोतों का हवाला देते हुए बताया कि पूर्व रूसी परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइट ने सोमवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा पद से बर्खास्त किए जाने के कुछ ही घंटों बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
51 वर्षीय स्टारोवोइट ने खुद को गोली मारी
AFP ने रूसी समाचार एजेंसियों के हवाले से बताया कि 51 वर्षीय स्टारोवोइट ने मॉस्को के एक उपनगर में खुद को गोली मार ली। रूस की जांच समिति ने पुष्टि की कि एक कार के अंदर एक शव मिला था, हालांकि आधिकारिक तौर पर मृतक की पहचान नहीं की गई। स्टारोवोइट को आज ही उनके पद से अप्रत्याशित रूप से हटा दिया गया था, जिसके बाद उनकी मौत की खबर आई। क्रेमलिन ने उनकी बर्खास्तगी के लिए कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया।
यात्रियों में अफराफरी के बाद रोमन स्टारोवोइट बर्खास्त
क्रेमलिन ने सोमवार को परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइट को बर्खास्त कर दिया, क्रेमलिन की वेबसाइट पर प्रकाशित एक आदेश में यह जानकारी दी गई। इसके सप्ताहांत में यात्रियों में अफरातफरी के कारण रूसी हवाई अड्डों ने यूक्रेनी ड्रोन हमलों के खतरे के कारण सैकड़ों उड़ानें रोक दी थीं।
घोषणा में स्टारोवोइट की बर्खास्तगी का कारण नहीं बताया गया। सप्ताहांत में मॉस्को के शेरेमेत्येवो और सेंट पीटर्सबर्ग के पुलकोवो हवाई अड्डों पर सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गईं या देरी से चली थीं। पश्चिमी और मध्य रूस के अन्य हवाई अड्डों को भी यूक्रेनी ड्रोन हमलों के कारण व्यवधान का सामना करना पड़ा।
