Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन का युद्ध खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। मॉस्को ने शुक्रवार तड़के यूक्रेन पर आसमानी कहर बरपाया जिसमें कम से कम नौ लोग घायल हो गए। इन हवाई हमलों में आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा और यूक्रेनी राजधानी के कई हिस्सों में बिजली गुल हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल ने 17 मंजिला एक इमारत से 20 से ज्यादा लोगों को बाहर निकाला, क्योंकि छठी और सातवीं मंजिल पर आग की लपटें फैल गई थीं। अधिकारियों ने बताया कि पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। रात भर चला यह हमला कीव पर हमलों की कड़ी में नवीनतम है।
बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित
रूसी सेना ने हाल के महीनों में यूक्रेनी शहरों पर ड्रोन और मिसाइल हमलों को बढ़ा दिया है। कीव के मेयर विताली क्लित्स्को ने कहा कि शुक्रवार के हमले से शहर के दोनों ओर बिजली गुल हो गई और पानी की आपूर्ति बाधित हो गई।
इससे पहले, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन द्वारा नव विकसित लंबी दूरी की मिसाइलों और ड्रोनों द्वारा रूसी तेल सुविधा पर किए गए हमलों से रूस में गैस की भारी कमी हो रही है। साथ ही जेलेंस्की ने कहा था कि युद्ध के मैदान में हाल ही में यूक्रेन द्वारा किए गए जवाबी हमले ने पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र के कुछ हिस्सों पर कब्जा करने की रूस की योजना को पटरी से उतार दिया है। जेलेंस्की ने बताया था कि यूक्रेन की नयी मिसाइलों ने दर्जनों रूसी सैन्य डिपो को निशाना बनाया है।
उन्होंने बताया था कि रूटा मिसाइल ड्रोन ने हाल ही में 250 किलोमीटर से भी ज़्यादा दूर स्थित एक रूसी तेल सुविधा पर हमला किया। उन्होंने इसे नए हथियार की ‘बड़ी सफलता’ करार दिया। जेलेंस्की ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता में कहा था कि रूस में ईंधन की कमी और बढ़ते आयात से पता चलता है कि यूक्रेन के हमलों का असर हो रहा हैं।
