दुनिया

नए साल के जश्न के बीच यूक्रेन ने खेरसॉन क्षेत्र में बरपाया कहर, 24 लोगों की मौत; 50 घायल

Russia Ukraine War: यूक्रेन के खेरसॉन क्षेत्र में रूस के कब्जे वाले एक गांव में यूक्रेनी ड्रोन हमले में 24 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 50 घायल हो गए। यह घटना ऐसे समय हुई जब दोनों देशों के बीच शांति वार्ता को लेकर कूटनीतिक प्रयास जारी हैं, लेकिन तनाव लगातार बढ़ रहा है।

Image

यूक्रेन ने खेरसॉन क्षेत्र में बरपाया कहर (फाइल फोटो साभार: AP)

Photo : AP

Russia Ukraine War: यूक्रेन के खेरसॉन क्षेत्र में रूस के कब्जे वाले एक गांव में यूक्रेनी ड्रोन हमले में 24 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 50 घायल हो गए। रूस के अधिकारियों ने यह दावा किया। यह घटना ऐसे समय हुई जब दोनों देशों के बीच शांति वार्ता को लेकर कूटनीतिक प्रयास जारी हैं, लेकिन तनाव लगातार बढ़ रहा है।

रूस द्वारा नियुक्त क्षेत्रीय प्रमुख व्लादिमीर साल्दो ने टेलीग्राम पर जारी एक बयान में कहा कि काला सागर तट पर स्थित रिसॉर्ट कस्बे खोरली में एक कैफे और होटल को निशाना बनाते हुए तीन ड्रोन हमले किए गए। उनके अनुसार, इनमें से एक ड्रोन में ज्वलनशील मिश्रण था, जिससे आग लग गई।

यूक्रेनी अधिकारियों की ओर से इस हमले के दावे पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

यूक्रेन ने पुतिन के आवास पर दागे ड्रोन!

इस घटना की कई रूसी अधिकारियों ने निंदा की। रूस की संसद के उच्च सदन फेडरेशन काउंसिल की अध्यक्ष वैलेन्तीना मत्विएन्को ने कहा कि इस हमले ने यूक्रेन पर रूस के लगभग चार साल पुराने आक्रमण में अपने लक्ष्यों को शीघ्र हासिल करने के संकल्प को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा, “यह हमला एक बार फिर हमारी शुरुआती मांगों की वैधता को दर्शाता है।” यह बयान ऐसे समय आया है जब मॉस्को ने यह भी दावा किया कि यूक्रेन ने मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक आधिकारिक आवास पर लंबी दूरी के ड्रोन से हमला किया। हालांकि, कीव ने इन आरोपों को “झूठ” करार दिया है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को एक वीडियो जारी किया, जिसमें कथित रूप से गिराए गए ड्रोन को दिखाया गया है। वीडियो में बर्फ पर पड़े क्षतिग्रस्त ड्रोन के पास सैन्य वेश में एक व्यक्ति खड़ा नजर आता है, लेकिन न तो स्थान और न ही तारीख की जानकारी दी गई है। इन दावों और वीडियो की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article