दुनिया

कैश धोखाधड़ी मामले में इस्तीफा नहीं देंगे राष्ट्रपति रामफोसा, शुरू हुई है महाभियोग की प्रक्रिया

रामाफोसा ने अपने संबोधन में कहा, "कुछ हलकों से मेरे इस्तीफे की मांग की जा रही है, तो वहीं कुछ लोग इस्तीफा न देने का आग्रह भी कर रहे हैं। मैं सम्मानपूर्वक यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं इस्तीफा नहीं दूंगा।" उन्होंने कहा, "ऐसा करना संविधान द्वारा निर्धारित प्रक्रिया की अनदेखी करना होगा।

Image

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामाफोसा।

Photo : AP

President Ramaphosa : दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने घोषणा की है कि वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे, जबकि संसद में उनके खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू हो रही है। यह प्रक्रिया देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था के पूर्व के एक फैसले के बाद शुरू हुई है, जो 2020 में उनके फार्महाउस से बड़ी मात्रा में अघोषित अमेरिकी डॉलर चोरी होने की घटना से जुड़ा है। सोमवार शाम को जब पूरा देश टीवी पर राष्ट्रपति के संबोधन का बेसब्री से इंतजार कर रहा था, तब दिन भर विश्लेषक और मीडिया इस बात पर अटकलें लगाते रहे कि रामफोसा त्यागपत्र देंगे या पद पर बने रहेंगे।

मैं इस्तीफा नहीं दूंगा-रामाफोसा

रामाफोसा ने अपने संबोधन में कहा, "कुछ हलकों से मेरे इस्तीफे की मांग की जा रही है, तो वहीं कुछ लोग इस्तीफा न देने का आग्रह भी कर रहे हैं। मैं सम्मानपूर्वक यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं इस्तीफा नहीं दूंगा।" उन्होंने कहा, "ऐसा करना संविधान द्वारा निर्धारित प्रक्रिया की अनदेखी करना होगा। इस्तीफा देना उस पैनल की रिपोर्ट को मान्यता देने जैसा होगा जिसमें दुर्भाग्यवश गंभीर कमियां हैं। यह उस जिम्मेदारी से भागने जैसा होगा जो मैंने राष्ट्रपति के रूप में संभाली थी।"

'फाला फाला’ नाम से चर्चित है यह मामला

रामफोसा ने कहा, "इस समय इस्तीफा देने का मतलब उन लोगों के आगे हार मान लेना होगा जो हमारे समाज के सुधार, संस्थाओं को फिर से खड़ा करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी कार्रवाई को रोकना चाहते हैं। मैं पूरी तरह से दक्षिण अफ्रीका की जनता की सेवा जारी रखने और उनके हितों की रक्षा करने का इरादा रखता हूं। अभी बहुत काम करना बाकी है।" 'फाला फाला’ नाम से चर्चित यह मामला 2020 का है। जो उस निजी फार्म के नाम पर है जहां रामफोसा विदेशी नस्ल की गायों का पालन करते हैं। वहां से 58 करोड़ अमेरिकी डॉलर चोरी हो गए थे और यह राशि कथित तौर पर चमड़े के सोफे के अंदर छिपाई गई थी।

रामफोसा के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज

इस चोरी का पता दो साल बाद तब चला जब सुरक्षा विभाग के पूर्व प्रमुख आर्थर फ्रेजर ने रामफोसा के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराई। उन पर कानून के अनुसार इस राशि की घोषणा न करने और चोरी की सूचना पुलिस को न देने का आरोप है। रामफोसा का दावा है कि यह पैसा एक सूडानी व्यवसायी को भैंस बेचने से मिला था।

(एजेंसी इनपुट)

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article