Brazil's highest civilian honour : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्राजील के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया है। उन्हें 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द साउदर्न क्रास' सम्मान से मंगलवार को ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इसानिओ लूला दा सिल्वा ने सम्मानित किया। पीएम मोदी को यह सम्मान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और प्रमुख वैश्विक मंचों पर भारत-ब्राजील सहयोग को बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। मई 2014 में पदभार ग्रहण करने के बाद से किसी विदेशी सरकार द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया यह 26वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
अत्यंत गर्व और भावना का क्षण -पीएम मोदी
मोदी ने लूला के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस वक्तव्य में कहा, ‘आज राष्ट्रपति द्वारा ब्राजील के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होना न केवल मेरे लिए, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लिए भी अत्यंत गर्व और भावना का क्षण है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं उनके (राष्ट्रपति लूला), ब्राजील सरकार और ब्राजील की जनता के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।’मई 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से किसी विदेशी सरकार द्वारा उन्हें दिया गया यह 26वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
व्यापार को 20 अरब अमेरिकी डॉलर ले जाने का लक्ष्य
भारत और ब्राजील ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को लगभग दोगुना करके 20 अरब अमेरिकी डॉलर वार्षिक करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
साथ ही दोनों देशों ने ऊर्जा और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों नेताओं ने आतंकवाद से निपटने पर भी विचार-विमर्श किया। मोदी ने कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर स्पष्ट हैं कि आतंकवाद पर दोहरे मानदंडों के लिए कोई जगह नहीं है। मोदी ने मीडिया को दिये अपने बयान में कहा, ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमारी सोच एक जैसी है, यथा- आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति और यह कि इसे लेकर दोहरा मानदंड नहीं अपनाया जाना चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘हम आतंकवाद और आतंकवाद का समर्थन करने वालों का कड़ा विरोध करते हैं।’

पीएम मोदी को मिला ब्राजील का सर्वोच्च नागरिक सम्मान। तस्वीर-MEA ट्विटर
दोनों देशों के बीच 6 समझौतों पर हस्ताक्षर
दोनों देशों ने छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद और सीमापार संगठित अपराध से मुकाबला करने संबंधी समझौता और गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान व पारस्परिक संरक्षण से जुड़ा करार शामिल है। इसके अलावा, दोनों पक्षों ने नवीकरणीय ऊर्जा में सहयोग, डिजिटल परिवर्तन के लिए बड़े पैमाने पर समाधान साझा करने, बौद्धिक संपदा, और कृषि अनुसंधान के क्षेत्रों में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए। मोदी ब्राजील के समुद्र तटीय शहर रियो डी जेनेरियो में दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद सोमवार शाम ब्रासीलिया पहुंचे।
अभी द्विपक्षीय कारोबार 13 अरब डॉलर
विभिन्न भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-ब्राजील साझेदारी स्थिरता और संतुलन का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और दोनों पक्ष इस बात पर एकमत हैं कि सभी विवादों को बातचीत और कूटनीति के माध्यम से सुलझाया जाना चाहिए। मोदी ने कहा कि दोनों पक्षों ने व्यापार बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, "आज की चर्चा में हमने हर क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर बात की। हमने आने वाले पांच सालों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा है।" मौजूदा वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार करीब 13 अरब डॉलर है।

ब्राजील में पीएम मोदी को मिला वहां का सर्वोच्च नागरिक सम्मान। तस्वीर-MEA ट्विटर
ब्राजील में यूपीआई पेमेंट पर काम जारी
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ऊर्जा के क्षेत्र में हमारा सहयोग लगातार बढ़ रहा है। पर्यावरण और स्वच्छ ऊर्जा दोनों देशों की मुख्य प्राथमिकताएं हैं।" उन्होंने कहा, ‘इस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए आज जो समझौता हुआ है, वह हमारे हरित लक्ष्यों को नयी दिशा और गति देगा।" प्रधानमंत्री ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में भारत-ब्राजील के बीच बढ़ता सहयोग दोनों पक्षों के बीच "गहरे आपसी विश्वास" का प्रतीक है। हम अपने रक्षा उद्योगों को जोड़ने के लिए अपने प्रयास जारी रखेंगे।’उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष ब्राजील में यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) को अपनाने पर भी मिलकर काम कर रहे हैं।
