दुनिया

प्रधानमंत्री मोदी मुझसे ज्यादा खुश नहीं हैं, क्योंकि भारत को ज्यादा टैरिफ देना पड़ रहा है, ट्रंप ने किया दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, मेरे प्रधानमंत्री मोदी के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। वह मुझसे उतने खुश नहीं हैं, क्योंकि उन्हें काफी शुल्क देना पड़ रहा है। लेकिन, अब उन्होंने रूस से तेल का व्यापार काफी हद तक कम कर दिया है। ‘

Image

ट्रंप ने पीएम मोदी पर कर दिया नया दावा

Photo : AP

Donald Trump Modi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि रूसी तेल खरीदने पर अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए शुल्क (टैरिफ) के कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनसे ज्यादा खुश नहीं हैं। ट्रंप ने ‘हाउस जीओपी सदस्य रिट्रीट’ में अपने संबोधन में यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी मुझसे मिलने आए और बोले, श्रीमान्, क्या मैं आपसे मिल सकता हूं? मैने कहा, जी हां।

मोदी मुझसे उतने खुश नहीं हैं, बोले ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, मेरे उनके साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। वह मुझसे उतने खुश नहीं हैं, क्योंकि उन्हें काफी शुल्क देना पड़ रहा है। लेकिन, अब उन्होंने रूस से तेल का व्यापार काफी हद तक कम कर दिया है। ‘हाउस जीओपी मेंबर रिट्रीट’ अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के रिपब्लिकन पार्टी सदस्यों की एक वार्षिक बैठक है।

ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाया है, जिसमें रूस से तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत शुल्क शामिल है। ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत ने उन्हें बताया है कि वह अपाचे हेलीकॉप्टरों के लिए पांच साल से इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा, हम इसे बदल रहे हैं। भारत ने 68 अपाचे हेलीकॉप्टर का ऑर्डर दिया है।

अमेरिका को टैरिफ से 600 अरब अमेरिकी डॉलर मिलेंगे: ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अमेरिका को टैरिफ में 600 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक मिलेंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया भर के देशों पर लगाए गए शुल्कों के कारण अमेरिका राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में और आर्थिक रूप से कहीं अधिक मजबूत है। ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में कहा, हम टैरिफ में जल्द ही 600 अरब डॉलर से अधिक प्राप्त करेंगे, लेकिन फेक न्यूज मीडिया इस बारे में बात करने से इनकार कर देता है क्योंकि वे हमारे देश से नफरत करते हैं और उनका अनादर करते हैं, और आगामी टैरिफ फैसले में हस्तक्षेप करना चाहते हैं, जो अमेरिका के उच्चतम न्यायालय के अब तक के सबसे महत्वपूर्ण फैसलों में से एक है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से टैरिफ के कारण पहले से कहीं अधिक मजबूत और सम्मानित है। व्हाइट हाउस में अपने दूसरे कार्यकाल के कुछ महीनों के भीतर, ट्रंप ने पिछले साल दुनिया भर के देशों से आयात पर कई टैरिफ की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि अमेरिका के साथ गलत व्यवहार किया गया है और अन्य देश अमेरिकी उत्पादों पर कहीं अधिक टैरिफ लगा रहे हैं। ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है, जिसमें रूसी तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत टैरिफ भी शामिल है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article