दुनिया

PM मोदी का स्वागत करने के लिए उत्साहित एंथनी अल्बनीज, भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों पर दे दिया बड़ा बयान

पीएम मोदी की आगामी ऑस्ट्रेलिया यात्रा को लेकर उत्साह जाहिर किया है। इस दौरान पीएम अल्बनीज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया-भारत संबंध पहले कभी इतने महत्वपूर्ण नहीं रहे और हमारी साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता व समृद्धि को बढ़ावा देती रही है।

Image

एंथनी अल्बनीज

पीएम मोदी अगले सप्ताह इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा करने वाले हैं। उनके दौरे से पहले ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने शनिवार को इस बाबत बड़ी बात कही। इस दौरान जहां अल्बनीज ने पीएम मोदी की तारीफ की वहीं भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को भी बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध "पहले कभी इतने मजबूत नहीं रहे।

पीएम अल्बनीज ने इस दौरान कहा कि मैं वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी का ऑस्ट्रेलिया में स्वागत करने को लेकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।

ऑस्ट्रेलिया-भारत संबंधों पर बोले पीएम अल्बनीज

पीएम अल्बनीज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया-भारत संबंध पहले कभी इतने महत्वपूर्ण नहीं रहे और हमारी साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता व समृद्धि को बढ़ावा देती रही है। व्यापार, रक्षा और सुरक्षा तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग से दोनों देशों को लाभ हो रहा है। उन्होंने ये भी कहा कि दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था होने के कारण भारत, ऑस्ट्रेलिया के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदार है।

तीन देशों की यात्रा पर पीएम मोदी

गौरतलब है कि पीएम तीन देशों इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और फिर न्यूजीलैंड की यात्रा करने वाले हैं। उनकी विदेश यात्रा छह जुलाई को इंडोनेशिया से शुरू होगी और 11 जुलाई को न्यूजीलैंड में खत्म होगी। अपने इस दौरे के दूसरे चरण में आठ जुलाई से 10 जुलाई तक मेलबर्न का दौरा करेंगे। बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई पीएम अल्बनीज और प्रधानमंत्री मोदी की आखिरी मुलाकात 2025 में जोहान्सबर्ग में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी।

भारतीय उच्चायोग ने कही ये बात

वहीं, कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगाढ़ता और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि व स्थिरता को बढ़ावा देने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हम एक सार्थक और यादगार यात्रा की उम्मीद कर रहे हैं।

वहीं, विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा था कि दोनों नेता मेलबर्न में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान मोदी गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन एसी से भी मुलाकात करेंगे। मंत्रालय ने यह भी बताया था कि मोदी भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भी हिस्सा लेंगे और भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article