India-Qatar Relation: केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कतर के विदेश व्यापार मामलों के राज्य मंत्री अहमद बिन मोहम्मद अल-सईद से मुलाकात की। उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। गोयल ने कहा कि वह बढ़ते सहयोग के जरिए द्विपक्षीय व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
उन्होंने मंगलवार को X पर एक पोस्ट में लिखा, 'कतर के विदेश व्यापार मामलों के राज्य मंत्री डॉ. अहमद बिन मोहम्मद अल-सईद से मिलकर खुशी हुई। हमें अगस्त में नई दिल्ली में हुई अपनी चर्चा याद आई, जब उन्होंने कतर से भारत आए एक बड़े निवेश प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था। द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ाने के लिए निरंतर सहयोग की आशा है।'
पीयूष गोयल के मुलाकातों का दौरा
इससे पहले, पीयूष गोयल ने सीडीसी इंटरनेशनल के संस्थापक और एमडी खलील बुत्रोस अल-शोली के साथ बैठक की। उन्होंने X पर पोस्ट किया, 'CDC इंटरनेशनल के संस्थापक और एमडी खलील बुत्रोस अल-शोली के साथ बैठक उपयोगी रही। बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए संयुक्त उद्यमों और निवेश के संभावित क्षेत्रों पर चर्चा हुई।'
'भारत-कतर द्विपक्षीय संबंधों को'
गोयल ने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के दोहा चैप्टर को भी संबोधित किया। उन्होंने X पर पोस्ट किया, 'आईसीएआई के दोहा चैप्टर को संबोधित किया। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से आग्रह किया कि वे भारत-कतर द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए पेशेवर सेवा व्यापार को मजबूत करने में अपनी भूमिका बढ़ाएं।'
