Pentagon Blast Viral Photo Fact Check in Hindi:अमेरिका में पेंटागन के पास धमाके से जुड़ा एक फेक (फर्जी) फोटो सोमवार (22 मई, 2023) को सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से तैयार की गई इस नकली तस्वीर के सामने आने के बाद लोग इसे तेजी से शेयर करने लगे, जिसके साथ ही यूएस के स्टॉक मार्केट पर इसका खासा असर देखने को मिला। सुबह 10 बजे के कुछ देर बाद न्यू यॉर्क शहर में जब यह फोटो सोशल मीडिया मंचों पर लोगों के पास पहुंच रहा था तब एस एंड पी 500 (The Standard and Poor's 500: सामान्य भाषा में S&P 500) लगभग 0.3% की गिरावट के साथ सत्र के निचले स्तर पर आ गया था। हालांकि, जैसे ही यह साफ हुआ कि यह इमेज सिर्फ एक धोखा या छलावा थी, सूचकांक में तेजी से उछाल देखने को मिला।
फेक फोटो में काफी धुआं उठता नजर आया था
यह तस्वीर सबसे पहले फेसबुक पर सामने आई थी, जिसमें काफी धुआं उठते हुए नजर आया था। यूजर ने इसके साथ दावा किया था कि यह धमाका वर्जीनिया में यूएस मिलिट्री हेडक्वार्टर के पास हुआ था। कुछ ही देर बाद यह तस्वीर माइक्रो ब्लॉगिंग मंच टि्वटर पर भी वायरल होने लगी।...तो इस तरह सामने आई सच्चाई
पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारियों की ओर से स्पष्ट किया गया था कि यह तस्वीर रियल नहीं है। न ही यूएस डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस हेडक्वार्टर के पास ऐसी कोई घटना हुई। 'ब्लूमबर्ग' को इस बारे में मेल पर एक ड्यूटी ऑफिसर की ओर से जानकारी दी गई कि सोमवार सुबह इस तरह की कोई घटना नहीं हुई। आर्लिंगटन पुलिस विभाग की ओर से भी ट्वीट कर इस बारे में सच्चाई बताई गई।
Pentagon Viral Photo
