दुनिया

अमेरिका में नफरती हिंसा का वीभत्स रूप, बुजुर्ग ने 6 साल के फिलीस्तीनी बच्चे को चाकू से गोद डाला

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 16, 2023, 11:00 AM IST

Palestinian American Boy Killed : पुलिस विभाग ने पीड़ितों की नागरिकता के बारे में कोई ब्योरा नहीं दिया लेकिन शिकागो स्थित अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशंस काउंसिल ने बच्चे को फिलीस्तीनी-अमेरिकी मूल का बताया है। हमले के दौरान महिला अपने मकान मालिक से लड़ी और इस दौरान उसने 911 को कॉल किया। हमला करने वाले मकान मालिक की पहचान 71 वर्षीय जोसेफ जुबा के रूप में हुई है।

Image

शिकागो में नफरती हिंसा, छह साल के बच्चे की हत्या।

Photo : AP

Palestinian American Boy Killed : इजरायल-हमास युद्ध के बीच दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में नफरती हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। चीन और फ्रांस के बाद अब अमेरिका में 'हेट क्राइम' की वीभत्स एवं डरावनी घटना हुई है। शिकागो के पास यहां 71 साल के बुजुर्ग ने फिलीस्तीनी मूल के छह साल के एक मुस्लिम बच्चे की हत्या कर दी। रिपोर्टों के मुताबिक इस बुजुर्ग ने बच्चे पर 26 बार चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। जख्मी हालत में बच्चे को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। बुजर्ग के हमले में 32 साल की महिला भी घायल हुई है। हैरान करने वाली बात है कि हमला करने वाला बुजुर्ग मकान मालिक है।

हमले में बच्चे की मां भी घायल

महिला को बच्चे की मां बताया जा रहा है। पुलिस इस हमले को इजरायल-हमास युद्ध से जोड़कर देख रही है। इलियोनिस के विल काउंटी शेरिफ कार्यालय के मुताबिक शिकागो से 64 किलोमीटर पश्चिम में हुई यह घटना शनिवार की है। बयान के मुताबिक 'जांचकर्ताओं ने पाया है कि दोनों पीड़ित मुस्लिम समुदाय के हैं इसलिए संदिग्ध ने उन्हें निशाना बनाया। मध्य पूर्व में इजरायल और हमास के बीच जारी जंग एवं संघर्ष इस हमले की पृष्ठभूमि में है।'

पीड़ितों का मकान मालिक है 71 वर्षीय जोसेफ जुबा

पुलिस विभाग ने पीड़ितों की नागरिकता के बारे में कोई ब्योरा नहीं दिया लेकिन शिकागो स्थित अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशंस काउंसिल ने बच्चे को फिलीस्तीनी-अमेरिकी मूल का बताया है। हमले के दौरान महिला अपने मकान मालिक से लड़ी और इस दौरान उसने 911 को कॉल किया। हमला करने वाले मकान मालिक की पहचान 71 वर्षीय जोसेफ जुबा के रूप में हुई है।

बच्चे को मारने के बाद घर के बाहर बैठा था जुबा

पुलिस ने अपने बयान में कहा कि मौके पर पहुंचे जांचकर्ताओं को बेडरूम में दो पीड़ित मिले। दोनों के शरीर पर चाकू से हमला किया गया था। बयान में कहा गया कि पोस्टमार्टम के दौरान बच्चे के पेट से सात इंच का ब्लेड वाला एक चाकू निकाल गया। घटनास्थल पर जब पुलिस पहुंची तो जुबा अपने घर के बाहर जमीन पर बैठा था और उसके सिर पर हल्की चोट के निशान थे। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जुबा पर हत्या, हत्या की कोशिश और नफरती हिंसा के दो काउंट का चार्ज लगा है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article