India Pakistan Tension: बदहाल पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को गीदड़भभकी देते हुए कहा कि भविष्य में अगर किसी भी प्रकार का संघर्ष होता है तो उसका जवाब कोलकाता में हमले से दिया जाएगा।
ख्वाजा आसिफ ने लाहौर से लगभग 130 किलोमीटर दूर अपने गृहनगर सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ''अगर भारत इस बार हमें जिम्मेदार ठहरा कर कोई (सैन्य) ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो हम कोलकाता तक निशाना साधेंगे।''
उल-जुलूल बयानबाजी से बाज नहीं आ रहे ख्वाजा आसिफ
ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि ऐसी खबरें हैं कि उनके (भारत) अपने लोगों या पाकिस्तानियों के माध्यम से एक झूठ भरे अभियान की योजना बनाई गई, जिसमें कुछ शवों को कहीं डाल कर यह कहा गया कि वे आतंकवादी थे और उन्होंने ऐसा-ऐसा किया है। हालांकि, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।
पहले भी दे चुके हैं गीदड़भभकी
इससे पहले, गुरुवार को आसिफ ने कहा था कि किसी भी हमले पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया 'त्वरित, सुनियोजित और निर्णायक' होगी। ख्वाजा आसिफ ने कहा था कि अगली बार हमारा जवाब और भी अधिक सशक्त और निर्णायक होगा। इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए: पाकिस्तान शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन संप्रभुता की रक्षा करने का उसका संकल्प पूर्ण है, उसकी तैयारी संपूर्ण है, और उसकी प्रतिक्रिया त्वरित और निर्णायक होगी।''
सनद रहे कि ख्वाजा आसिफ भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की टिप्पणियों का जवाब दे रहे थे, जिन्होंने हाल ही में कहा था कि मौजूदा स्थिति में भारत के पड़ोसी देश की ओर से कोई भी 'दुस्साहस' अभूतपूर्व और निर्णायक कार्रवाई को आमंत्रित करेगा। पिछले साल 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के परिणामस्वरूप दोनों देशों के बीच चार दिनों तक संघर्ष चला था।
