पाकिस्तान कभी नहीं सुधरने वाला, पहले तो गलती करता है और फिर उसे स्वीकार करने के बजाय, दूसरे पर गलती थोपता है। दरअसल पाकिस्तानी नौसेना के गैर-पेशेवर और असुरक्षित तरीके से संचालन के कारण उसका एक पोत, भारतीय युद्धपोत से टकरा गया था। जिस पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की थी, पाकिस्तानी राजनयिक को तलब कर विरोध जताया था, जिसके बाद अब पाकिस्तान ने भी भारतीय राजनियक को तलब किया है।
गलती मानने के बजाया, भारत पर दोष मढ़ रहा पाक
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने दावा किया कि 15 सितंबर 2026 को भारतीय नौसैनिक पोत ने पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज के बेहद करीब आकर आक्रामक तरीके से संचालन किया, जिसके बाद दोनों जहाजों के बीच संपर्क हुआ। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस घटना को लेकर बुधवार शाम इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के चार्ज डी'अफेयर्स को तलब किया गया और कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।
भारत की दो टूक
अरब सागर में पाकिस्तानी नौसेना के एक पोत द्वारा भारतीय नौसेना के युद्धपोत को टक्कर मारने के ’’अस्वीकार्य आचरण’’ के बाद भारत ने पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी को बुधवार को तलब किया थी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी साद वराइच को मंत्रालय में तलब किया गया और उनके समक्ष पाकिस्तानी नौसैनिक पोत द्वारा मंगलवार को समुद्र में किए गए उस ’’अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर आचरण’’ को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया, जिसके कारण टक्कर हुई। बयान में कहा गया कि पाकिस्तानी राजनयिक से कहा गया है कि वह संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक भारत की आपत्ति पहुंचाएं और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी सैन्य इकाइयां नियमों का पूरी तरह पालन करें तथा दोनों देशों के बीच हुए प्रासंगिक समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करें।
पाकिस्तानी पोत को भारी नुकसान
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 15 सितंबर की शाम अरब सागर में नियमित निगरानी अभियान पर तैनात भारतीय नौसेना के एक अग्रिम पंक्ति के युद्धपोत के पास पाकिस्तान नौसेना का एक पोत तेज गति से पहुंचा। सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी पोत ’हुनैन’ ने गैर-पेशेवर और असुरक्षित तरीके से संचालन किया, जिसके कारण टक्कर हुई। सूत्रों ने बताया कि ’हुनैन’ एक अपतटीय गश्ती पोत है और इस घटना में उसे भारी नुकसान पहुंचा है। सूत्रों ने बताया कि भारतीय युद्धपोत को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है।
