दुनिया

पाकिस्तानी नौसेना ने अरब सागर में एक अरब अमेरिकी डॉलर की ड्रग्स जब्त की

सीएमएफ ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि पीएनएस यारमुक ने दो नौकाओं को रोका, जो स्वचालित पहचान प्रणाली (AIS) का प्रसारण नहीं कर रही थीं, बाद में उनकी पहचान हुई कि उनकी कोई राष्ट्रीयता नहीं है।

Image

पाकिस्तानी नेवी ने जब्त की 1 अरब डॉलर की ड्रग्स (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Pakistan Navy Seizes Drugs Worth USD 1 Billion: पाकिस्तान की नौसेना ने अरब सागर में दो नावों से लगभग एक अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। 47 राष्ट्रों की नौसैनिक साझेदारी वाले, संयुक्त समुद्री बल (CMF) की तरफ से यह जानकारी दी गयी। सीएमएफ में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले ‘संयुक्त कार्य बल 150’ के प्रत्यक्ष समर्थन में काम कर रहे पाकिस्तानी नौसेना के पोत यारमुक ने 16 अक्टूबर को शुरू हुए अल मसमक अभियान के दौरान अरब सागर में 972,400,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए।

सीएमएफ 47 देशों की नौसैनिक साझेदारी वाला बल

सीएमएफ 47 देशों की नौसैनिक साझेदारी वाला बल है जो विश्व के महत्वपूर्ण नौवहन मार्गों को शामिल करते हुए 32 लाख वर्ग मील जलीय क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देता है। सीएमएफ ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि पीएनएस यारमुक ने दो नौकाओं को रोका, जो स्वचालित पहचान प्रणाली (AIS) का प्रसारण नहीं कर रही थीं, बाद में उनकी पहचान हुई कि उनकी कोई राष्ट्रीयता नहीं है।

पहली नाव से 18 अक्टूबर को 82.2 करोड़ डॉलर से ज्यादा कीमत का दो टन क्रिस्टल मेथामफेटामाइन (आईसीई) जब्त किया गया। इसके 48 घंटे से भी कम समय बाद, दूसरी नाव से 14 करोड़ डॉलर कीमत का 350 किलो आईसीई और 1 करोड़ डॉलर कीमत का 50 किलो कोकीन जब्त किया गया।

सीटीएफ 150 के कमांडर, रॉयल सऊदी नौसेना बल के कमोडोर फहद अलजायद ने कहा, इस केंद्रित अभियान की सफलता बहुराष्ट्रीय सहयोग के महत्व को उजागर करती है। अल मसमक अभियान 16 अक्टूबर को शुरू हुआ, जिसका उद्देश्य गैर-राज्यीय तत्वों द्वारा हिंद महासागर, अरब सागर और ओमान की खाड़ी में मादक पदार्थों और अन्य अवैध पदार्थों को ले जाने की क्षमता को बाधित करना था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article