दुनिया

पाकिस्तान में कब होगा चुनाव? तारीख के ऐलान को लेकर तेज हुई सियासी हलचल

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 24, 2023, 04:05 PM IST

Pakistan General Election Date: पाकिस्तानी पीएम अनवारुल हक काकड़ ने कहा है कि पाकिस्तान में आम चुनाव की तारीख जल्द घोषित होने की संभावना है। जब काकड़ से पूछा गया कि 'शरीफ को उनकी वापसी पर असाधारण प्रोटोकॉल क्यों दिया गया और ब्रिटेन में पाकिस्तान के उच्चायुक्त उन्हें छोड़ने के लिए हवाई अड्डे पर क्यों आए थे', तो वह इसका जवाब देने से बचते नजर आए।

Image

पाकिस्तान आम चुनाव की तारीख की घोषणा जल्द।

Pakistan Chunav News: पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकड़ ने उम्मीद जताई है कि निर्वाचन आयोग जल्द ही चुनाव की तारीख की घोषणा करेगा। उन्होंने जोर दिया कि अगले आम चुनाव में सभी राजनीतिक दलों के लिए समान अवसर उपलब्ध होंगे। पाकिस्तान निर्वाचन आयोग (ईसीपी) ने पिछले महीने किसी तारीख की घोषणा किए बिना कहा था कि आम चुनाव जनवरी 2024 के आखिरी हफ्ते में होंगे।

'जल्द ही चुनाव की तारीख का ऐलान हो जाएगा'

चीन से लौटने के तीन दिन बाद संवाददाताओं से मुखातिब काकड़ ने कहा, 'ऐसा लग रहा है कि जल्द ही चुनाव की तारीख का ऐलान हो जाएगा।' वह चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) की 10वीं वर्षगांठ पर बेल्ट एंड रोड फोरम (बीआरएफ) सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए चीन गए थे। देश में सभी राजनीतिक दलों के लिए समान अवसर के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने कहा, 'किसी भी राजनीतिक दल को राजनीतिक प्रक्रिया से बाहर नहीं रखा गया है और कार्यवाहक सरकार चुनावी प्रक्रिया में सहयोग देने की पूरी कोशिश कर रही है।'

इमरान खान की पार्टी पर क्या बोले पाक पीएम?

उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि कोई भी राजनीतिक दल, संस्था और उससे जुड़ी राजनीतिक हस्तियां (चुनाव) प्रक्रिया से बाहर न हों, लेकिन अगर अदालत कोई प्रतिबंध लगाती है, तो हमें आदेश का पालन करना होगा।' उनकी यह टिप्पणी पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के संदर्भ में देखी जा रही है, जो कानूनी चुनौतियों का सामना कर रही है और जिसके कई नेता जेल में हैं। 'द डॉन' अखबार में मंगलवार को काकड़ के हवाले से प्रकाशित खबर में कहा गया है, 'अगर समान अवसर का मतलब किसी खास पार्टी की जीत सुनिश्चित करना है तो इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता। (हमें) 2018 का समान अवसर याद है, जब दक्षिण पंजाब मोर्चा अस्तित्व में आया था।'

इन आरोपों को खारिज करते हुए कि समान अवसर सभी राजनीतिक दलों के बजाय किसी एक पार्टी के लिए उपलब्ध हैं, काकड़ ने कहा, 'कार्यवाहक व्यक्ति दो महीने में ऐसे कौन-से प्रयास कर सकते हैं, जिनसे किसी एक पार्टी को (नेशनल असेंबली की) 171 सीटें हासिल करने में मदद मिलेगी।' पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) प्रमुख नवाज शरीफ की वतन वापसी के दो दिन बाद पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और पीटीआई की चुनावों में समान अवसर उपलब्ध कराने की मांग के संबंध में काकड़ मीडिया से बात कर रहे थे।

नवाज शरीफ से जुड़े सवालों से बचते नजर आए

'द डॉन' के मुताबिक, जब काकड़ से पूछा गया कि 'शरीफ को उनकी वापसी पर असाधारण प्रोटोकॉल क्यों दिया गया और ब्रिटेन में पाकिस्तान के उच्चायुक्त उन्हें छोड़ने के लिए हवाई अड्डे पर क्यों आए थे', तो वह इसका जवाब देने से बचते नजर आए। 'द इंटरनेशनल न्यूज' की रिपोर्ट के अनुसार, जब काकड़ से पूछा गया कि क्या आगामी चुनावों से पहले बलूच अवामी पार्टी (बीएपी) के कुछ प्रमुख नेताओं के पीएमएल(एन) में शामिल होने की संभावना है, तो जवाब में उन्होंने कहा, "अगर कोई नेता किसी खास राजनीतिक दल में शामिल होना चाहता है तो उसे ऐसा करने का अधिकार है।'

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article