शहर

West Bengal News: वोटर लिस्ट से पिता का नाम कटने के बाद परिवार का आरोप- नवजात बच्ची का बर्थ सर्टिफिकेट भी अटका

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में SIR के दौरान एक व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट से कट गया। परिवार का आरोप है कि इस वजह से अब दो महीने की बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र अटक गया है।

Image

2 महीने की बच्ची का जन्म प्रमाणपत्र न बनने का आरोप

West Bengal News: कूचबिहार जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पिता का नाम वोटर लिस्ट से हटने के कारण दो महीने की एक नवजात बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र ही अटक गया। परिवार का आरोप है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से पिता का नाम हटाए जाने के बाद ग्राम पंचायत निवास प्रमाण पत्र जारी नहीं कर रही है। इसके चलते बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है।

यह मामला कूचबिहार के दिनहाटा-II ब्लॉक की चौधरीहाट ग्राम पंचायत के खतामारी गांव का है। गांव के निवासी अब्दुल हबीब के मुताबिक, उनकी पत्नी अमीना खातून ने 8 सितंबर को दिनहाटा अनुमंडल अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया था। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र बन जाएगा, लेकिन दो महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पायी है।

नहीं मिल रहा निवास प्रमाण पत्र

अब्दुल हबीब का कहना है कि जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए परिवार को निवास प्रमाण पत्र की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने ग्राम पंचायत से संपर्क किया, लेकिन वहां से उन्हें यह दस्तावेज नहीं मिल पा रहा है।

परिवार का आरोप है कि ग्राम पंचायत में प्रधान का पद खाली होने के चलते निवास प्रमाण पत्र जारी करने में परेशानी आ रही है। इसके अलावा, SIR प्रक्रिया के दौरान वोटर लिस्ट से अब्दुल हबीब का नाम हटाए जाने को भी इसके पीछे की वजह बताया जा रहा है।

पिता के पास हैं दूसरे दस्तावेज

अब्दुल हबीब का दावा है कि उनके पास अपनी पहचान और बच्ची के जन्म को साबित करने वाले कई अन्य दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद जन्म प्रमाण पत्र की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। उन्होंने सवाल उठाया है कि अगर मतदाता सूची में पिता का नाम नहीं है, तो इसकी सजा नवजात बच्ची को क्यों भुगतनी पड़ रही है?

परिवार की परेशानी अब प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। जन्म प्रमाण पत्र बच्चे की पहचान और भविष्य में स्कूल में दाखिले सहित कई जरूरी कामों के लिए अहम दस्तावेज होता है। फिलहाल इस मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद ही साफ होगा कि जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में देरी की वास्तविक वजह क्या है और परिवार को राहत कब मिलेगी।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article