विदेश यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए WhatsApp जल्द ही एक नया फीचर ला सकता है। इसकी मदद से यूजर्स को दूसरे देश में इंटरनेट चलाने के लिए अलग-अलग eSIM ऐप या वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp अपने ऐप में Travel eSIM फीचर पर काम कर रहा है।
इसके जरिए यूजर्स अपनी मंजिल यानी जिस देश में जाना है, उसके हिसाब से मोबाइल डेटा प्लान खोज सकेंगे, eSIM इंस्टॉल कर सकेंगे और उसका इस्तेमाल भी मैनेज कर सकेंगे। खास बात यह है कि यूजर्स यात्रा पर निकलने से पहले ही eSIM इंस्टॉल कर पाएंगे। इसके बाद जैसे ही वे दूसरे देश पहुंचेंगे और फोन वहां के लोकल मोबाइल नेटवर्क से कनेक्ट होगा, eSIM अपने आप एक्टिव हो सकती है।
WhatsApp में मिलेंगे देश और क्षेत्र के हिसाब से डेटा प्लान
Android Authority की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp के Android वर्जन 2.26.47.10 के कोड में Travel eSIM फीचर से जुड़े संकेत मिले हैं। ऐप के कोड में मौजूद जानकारी बताती है कि यूजर्स अपनी डेस्टिनेशन के हिसाब से eSIM डेटा प्लान सर्च कर सकेंगे।
इसमें किसी एक देश के लिए डेटा प्लान के अलावा रीजनल और ग्लोबल प्लान के विकल्प भी मिल सकते हैं। यूजर्स को फिक्स्ड डेटा लिमिट और अनलिमिटेड डेटा वाले प्लान चुनने का विकल्प मिलने की भी संभावना है। हालांकि, इन प्लान की कीमत और उपलब्ध देशों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
विदेश पहुंचते ही अपने आप एक्टिव हो सकती है eSIM
इस फीचर की सबसे खास बात इसका ऑटोमैटिक एक्टिवेशन हो सकता है। आमतौर पर विदेश यात्रा पर जाने वाले लोगों को पहले से eSIM खरीदनी पड़ती है और फिर उसे फोन में इंस्टॉल करके एक्टिवेट करना होता है।
WhatsApp के नए फीचर में यूजर्स यात्रा से पहले ही eSIM इंस्टॉल कर सकेंगे। इसके बाद डेस्टिनेशन पर पहुंचने और वहां का लोकल नेटवर्क मिलने पर यह अपने आप एक्टिव हो सकती है। eSIM इस्तेमाल के लिए तैयार होने पर WhatsApp यूजर को नोटिफिकेशन भी भेज सकता है। ऐप में eSIM इंस्टॉल करने के लिए जरूरी निर्देश भी दिए जा सकते हैं। इसके अलावा इंस्टॉलेशन सफल होने या किसी वजह से फेल होने पर भी यूजर को जानकारी मिल सकती है।
कितना डेटा बचा है, WhatsApp पर ही चलेगा पता
WhatsApp का Travel eSIM फीचर सिर्फ eSIM खरीदने और एक्टिवेट करने तक सीमित नहीं रह सकता। रिपोर्ट के मुताबिक, ऐप में डेटा इस्तेमाल को ट्रैक करने की सुविधा भी मिल सकती है। इसकी मदद से यूजर्स देख सकेंगे कि उनके डेटा प्लान में कितना इंटरनेट बचा है। कौन सा प्लान एक्सपायर हो चुका है और किसकी वैलिडिटी खत्म होने वाली है, इसकी जानकारी भी ऐप में मिल सकती है।
डेटा खत्म होने के करीब होने या प्लान की वैलिडिटी समाप्त होने से पहले WhatsApp अलर्ट भी भेज सकता है। इससे विदेश में इंटरनेट इस्तेमाल करते समय यूजर्स को अपने डेटा की जानकारी रखने के लिए अलग ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी।
हर स्मार्टफोन में नहीं चलेगा यह फीचर
Travel eSIM फीचर का इस्तेमाल करने के लिए कुछ जरूरी शर्तें हो सकती हैं। सबसे पहले यूजर के स्मार्टफोन में eSIM सपोर्ट होना जरूरी होगा। इसके अलावा फोन में Android का नया वर्जन और eSIM इंस्टॉल करने के लिए पर्याप्त जगह भी होनी चाहिए। अगर किसी स्मार्टफोन को किसी खास टेलीकॉम ऑपरेटर के नेटवर्क से लॉक किया गया है, तो उसमें दूसरे ऑपरेटर की eSIM इंस्टॉल करने में परेशानी आ सकती है।
रिपोर्ट में ऐप के कोड में 'Powered by' से जुड़ा एक संकेत भी मिला है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि WhatsApp इस सर्विस के लिए किसी बाहरी eSIM प्रोवाइडर के साथ साझेदारी कर सकता है। हालांकि, अभी तक उस कंपनी का नाम सामने नहीं आया है।
कब आएगा WhatsApp का Travel eSIM फीचर?
फिलहाल WhatsApp ने Travel eSIM फीचर को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। न ही कंपनी ने इसके लॉन्च की तारीख बताई है। यह फीचर अभी डेवलपमेंट के शुरुआती चरण में है। ऐसे में संभव है कि टेस्टिंग के दौरान इसमें बदलाव किए जाएं या इसे आम यूजर्स के लिए जारी ही न किया जाए।
