Trump Putin Alaska meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अलास्का में शुक्रवार को उच्च स्तरीय बैठक समाप्त हो गई। हालांकि, इस बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने या खत्म करने के लिए कोई समझौता नहीं हो पाया। अलास्का की राजधानी में एंकोरेज में करीब तीन घंटे तक चली बैठक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि पुतिन के साथ बैठक बहुत ही रचनात्मक रही लेकिन युद्ध खत्म कराने को लेकर कोई समझौता नहीं हो सका।
कई मुद्दों पर हम सहमत हुए-ट्रंप
पुतिन के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, 'बातचीत के दौरान कई मुद्दों पर हम सहमत हुए लेकिन कई बड़ी बातों को हम निष्कर्ष तक नहीं ले जा सके। फिर भी हमने रास्ता बनाया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इसलिए डील होने तक कोई डील नहीं हुई। बातचीत में कुछ ही मुद्दे छूटे जो शायद बहुत ज्यादा महत्व नहीं रखते हैं लेकिन अब हम उन पर भी बात कर सकते हैं।'

ट्रंप ने कहा-बैठक सकारात्मक रही। तस्वीर-AP
पुतिन ने यूरोप को आगाह किया
इस बैठक के बाद पुतिन ने कहा कि 'वह और राष्ट्रपति ट्रंप यूक्रेन पर एक 'अंडरस्टैंडिंग' पर पहुंचे हैं। रूसी राष्ट्रपति ने इस बातचीत को पटरी से उतारने को लेकर यूरोप को आगाह किया।' पुतिन ने इस बैठक को किसी समझौते तक पहुंचने के लिए एक शुरुआत और संघर्ष को एक 'त्रासदी' बताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस युद्ध की मुख्य वजह का समाधान करने की जरूरत है।
ट्रंप बोले-जेलेंस्की-यूरोप के नेताओं से करूंगा बात
ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ उनकी अभी कोई बातचीत नहीं हुई है लेकिन वह जल्द ही उनके और यूरोपीय नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि 'अभी बहुत से काम हैं जिन्हें करने हैं लेकिन इस बैठस से पहले जो स्थिति थी अब हम उससे कहीं बेहतर जगह पर हैं।' इस बैठक के बारे में जेलेंस्की और यूरोप के देशों की प्रतिक्रिया काफी महत्वपूर्ण होगी।

पुतिन ने यूरोप को आगाह किया-तस्वीरAP
पुतिन-ट्रंप के साथ मौजूद रहे उनके विदेश मंत्री
संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान दोनों राष्ट्रपतियों के साथ उनके प्रशासन के उच्च पदाधिकारी भी थे। ट्रंप के साथ अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और पुतिन के साथ विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और उनके सलाहकार यूरी उशाकोव मौजूद थे। यह हाई प्रोफाइल बैठक एंकोरेज में एयर फोर्स बेस में हुई। इस बैठक पर दुनिया भर की नजरें लगी थीं। आने वाले दिनों में दोनों नेता फिर मुलाकात कर सकते हैं।
