दुनिया

नेपाल की जेलों से भागे गए कैदी वापस पहुंचे सलाखों के पीछे, अब भी करीब 10320 फरार

नेपाल में पिछले सप्ताह हुए सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शनों के दौरान विभिन्न जेलों से भागे 3,700 से अधिक कैदियों को फिर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

Image

नेपाल में हिंसा के बाद आर्मी संभाल रही है सुरक्षा की जिम्मेदारी (फोटो- AP)

नेपाल में पिछले सप्ताह सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शनों के दौरान फैली अराजकता का फायदा उठाकर कई जेलों से हजारों कैदी फरार हो गए थे। पुलिस ने रविवार को जानकारी दी कि इन फरार कैदियों में से 3,723 को फिर से गिरफ्तार कर लिया गया है। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता और उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बिनोद घिमिरे के अनुसार, इन गिरफ्तारियों के बावजूद करीब 10,320 कैदी अब भी फरार हैं। उन्होंने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

गिरफ्तारी अभियान जारी

डीआईजी घिमिरे ने बताया कि फरार कैदियों को पकड़ने के लिए नेपाली सेना, नेपाल पुलिस, और सशस्त्र पुलिस बल संयुक्त रूप से अभियान चला रहे हैं। यह कार्रवाई देशभर में चल रही है और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ कैदी स्वेच्छा से वापस लौट आए, जबकि कई अन्य को सीमा पार भारत में प्रवेश करने की कोशिश करते समय भारतीय पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों के बीच सहयोग को मजबूत किया गया है ताकि फरार अपराधी किसी भी तरह से बच न सकें।

हुए थे हिंसक प्रदर्शन

गौरतलब है कि बीते सप्ताह नेपाल में सरकार विरोधी प्रदर्शन अचानक हिंसक हो उठे थे, जिसमें सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और जेलों पर हमले किए गए। इसी दौरान बड़ी संख्या में कैदी जेलों से भागने में सफल रहे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article