Nepal Earthquake: नेपाल में बाढ़ के नए अलर्ट के बीच भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, भूकंप गुरुवार रात 9:18 बजे भूकंप के झटके लगे। भूकंप का केंद्र 27.483 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 88.008 डिग्री पूर्वी देशांतर पर 10 किलोमीटर की गहराई में था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.2 दर्ज की गई है।
नेपाल में भूकंप ऐसे समय पर आया जब एक दिन पहले तिब्बत की ओर से अचानक आई बाढ़ ने भीषण तबाही मचाई। ऐसे में भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। हालांकि, इस भूकंप से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।
भोटेकोशी नदी के पास बनी नई झील
नेपाल त्रासदी के आंसू अभी सूखे भी नहीं थे कि खतरे की नई घंटी बन गई है। नेपाल के छोटेन खोला और पुरेपु त्सांगपो नदियों के संगम के पास भूस्खलन की वजह से एक बैरियर झील बन गई। रिपोर्ट के मुताबिक, यह झील अगले 72 घंटों में कभी भी टूट सकती है, जिसकी वजह से निचले इलाकों में विनाशकारी आपदा आ सकती है।
अब तक कितने लोगों ने गंवाई जान
नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 389 हो गई है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि बचाव दलों ने प्रभावित जिलों से अन्य शवों को बरामद किया, जिसके बाद मृतकों की संख्या में इजाफा हुआ। तिब्बत से अचानक आयी भीषण बाढ़ ने बुधवार को मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में भारी तबाही मचाई। बाढ़ के तेज बहाव में महत्वपूर्ण पुल बह गए और करीब एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाएं ठप हो गईं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: नेपाल में लापता लोगों को तलाश रही NDRF, MoS कीर्तिवर्द्धन सिंह बोले- हरसंभव प्रयास में जुटी भारत सरकार
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के आंकड़ों के अनुसार, अचानक आई बाढ़ में करीब 826 लोग लापता हैं, जिनमें से 590 पर्यटक हैं। नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने बताया कि लापता लोगों में 288 भारतीय शामिल हैं।
