Nepal Flash Flood: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन की भयावह तस्वीर सामने आ रही हैं। भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ का पानी नारायणी नदी तक पहुंचने के बाद चितवन क्षेत्र में अब तक 65 शव नदी में तैरते हुए बरामद किए गए हैं। शवों की संख्या बढ़ने से स्थानीय प्रशासन और अस्पतालों के सामने उन्हें सुरक्षित रखने की चुनौती भी खड़ी हो गई है।
चितवन प्रशासन की ओर से गुरुवार सुबह दी गई जानकारी के मुताबिक, जिले के अस्पतालों में एक समय में अधिकतम 50 शवों को रखने और प्रबंधन करने की क्षमता है। ऐसे में बरामद शवों की संख्या अस्पतालों की मौजूदा क्षमता से भी अधिक हो गई है।
चितवन के मुख्य जिला अधिकारी गणेश आर्याल ने बताया कि नदी और आसपास के इलाकों में खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन की टीमें संभावित प्रभावित क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रही हैं और नदी में बहकर आए शवों को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
'संवेदनशील वीडियो सोशल मीडिया पर न करें अपलोड'
मुख्य जिला अधिकारी गणेश आर्याल ने लोगों और मीडिया से अपील की है कि बरामद हो रहे शवों की भयावह तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया या मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा न किए जाएं। प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव अभियान के दौरान संवेदनशीलता बनाए रखना जरूरी है।
160 से ज्यादा लोगों की मौत
बता दें कि उत्तरी नेपाल में तिब्बत सीमा से उठी विनाशकारी बाढ़ में अब तक 160 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग लापता हैं। अब तक 157 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि चीन के तिब्बत क्षेत्र में कम से कम तीन लोगों की मौत और 558 लोगों के लापता होने की खबर है। इस तरह दोनों देशों में मृतकों की संख्या कम से कम 160 तक पहुंच गई है। राहत और बचाव अभियान के बीच लापता लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
