वेनेजुएला में US की एयरस्ट्राइक, कई धमाकों से दहला काराकास, मिलिट्री बेस को बनाया निशाना, मदुरो ने घोषित की इमरजेंसी
- Edited by: आलोक कुमार राव
- Updated Jan 3, 2026, 01:48 PM IST
कई रिपोर्टों में एयरस्ट्राइक होने की बात कही गई है। वेनेजुएला में ये धमाके ऐसे समय हुए हैं जब अमेरिका के साथ उसका टकराव चल रहा है। हालांकि, इन विस्फोटों एवं हमलों पर अमेरिका की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
वेनेजुएला पर अमेरिका का हमला। तस्वीर-(X/@anthonyseijas2
Explosions in Caracas : वेनेजुएला की राजधानी काराकास में शनिवार तड़के कई विस्फोट हुए विस्फोटों से सैन्य प्रतिष्ठान और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया गया। वेनेजुएला के विदेश मंत्रालय ने अपने ऊपर हुए हमलों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमले शुरू किए और अपने बचाव के लिए वह डिफेंस प्लान लागू कर रहा है। वेनेजुएला में ये हमले ऐसे समय हुए हैं जब अमेरिका के साथ उसका टकराव चल रहा है। हालांकि, इन विस्फोटों एवं हमलों पर अमेरिका की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन हमले का शक अमेरिका पर जताया जा रहा है। हमलों एवं विस्फोटों के बाद राजधानी काराकास में भगदड़ का माहौल है और लोग डरे हुए हैं।
हमले यूएन चार्टर का खुला उल्लंघन-वेनेजुएला
वेनेजुएला की सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 'बोलिवेरियन रिपब्लिक ऑफ वेनेज़ुएला, यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका की मौजूदा सरकार द्वारा वेनेज़ुएला के इलाके और लोगों पर रिपब्लिक की राजधानी काराकास शहर और मिरांडा, अरागुआ और ला गुएरा राज्यों के सिविलियन और मिलिट्री ठिकानों पर किए गए बहुत गंभीर सैन्य हमले को अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष खारिज करता है। हमले संयुक्त राष्ट्र चार्टर, खासकर इसके आर्टिकल 1 और 2 का खुला उल्लंघन हैं।'
व्हाइट हाउस की कवरेज करने वालीं सीबीएस न्यूज की सीनियर रिपोर्टर जेनिफर जैकब्स ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले की पुष्टि की है। X पर अपने पोस्ट में जेनिफर ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला में सैन्य प्रतिष्ठानों पर एयरस्ट्राइक की इजाजत दी।
वहीं, विस्फोटों एवं हमले के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मदुरो ने देश में आपात स्थिति की घोषणा कर दी है। मदुरो ने काराकास पर संदिग्ध अमेरिकी एयरस्ट्राइक के बीच लोगों से 'साम्राज्यवादी आक्रामकता को हराने के लिए एकजुट होने को कहा है।'
काराकास में सुनी गईं तेज आवाजें
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, शनिवार सुबह तड़के काराकास में तेज आवाजें सुनी गईं। तो वहीं एसोसिएटेड प्रेस न्यूज एजेंसी ने बताया कि काराकास में कम से कम सात धमाके हुए हैं और कम ऊंचाई पर उड़ते हुए विमानों की आवाजें सुनाई दी हैं। शहर के दक्षिणी इलाके में एक बड़े मिलिट्री बेस के पास धमाके हुए हैं, जिससे बिजली कट गई है। चारों तरफ अंधेरा छा गया।
मुख्य सैन्य अड्डे पर विस्फोट
स्पेन की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी EFE के मुताबिक वेनेजुएला की राजधानी कराकस के पश्चिम में स्थित देश के मुख्य सैन्य अड्डे फोर्ट टिउना और ला कार्लोटा सैन्य अड्डे के ऊपर लड़ाकू विमान उड़ते नजर आए और फिर विस्फोटों की आवाज सुनने को मिली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वेनेजुएला में जमीनी सैन्य कार्रवाई की बार-बार धमकी दे चुके हैं। यह कदम राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने के प्रयासों का हिस्सा बताया जाता है। इसके तहत अमेरिका ने प्रतिबंधों को और कड़ा किया है, क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाई है और कैरेबियाई व प्रशांत क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में दो दर्जन से अधिक जहाजों को निशाना बनाया है।
पेंटागन-वेनेजुएला ने तत्काल जवाब नहीं दिया
पेंटागन और वेनेजुएला सरकार, दोनों ने ही इस मामले पर टिप्पणी के अनुरोधों का तत्काल जवाब नहीं दिया। हालांकि, CBS न्यूज ने रिपोर्ट किया कि ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को वेनेजुएला में हो रही बमबारी की जानकारी थी। पिछले साल अक्टूबर में राष्ट्रपति ट्रंप ने खुलासा किया था कि उन्होंने CIA को वेनेजुएला में काम करने की अनुमति दी है, ताकि देश में अवैध ड्रग व्यापार पर लगाम लगाई जा सके और प्रवासियों के प्रवाह को रोका जा सके।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की नजर वेनेजुएला के तेल पर है क्योंकि जहां तक ड्रग तस्करी की बात है तो वेनेजुएला से कहीं ज्यादा ड्रग कोलंबिया, मेक्सिको सहित अन्य लैटिन अमेरिकी देशों से यूएस में पहुंचते हैं लेकिन ट्रंप उन देशों पर नहीं बल्कि वेनेजुएला को निशाना बना रहे हैं।