दुनिया

पाकिस्तान में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर आतंकवादी हमला, कम से कम 7 पुलिसकर्मियों की हुई मौत

Pakistan: पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर हुए आतंकवादी हमले में सात पुलिसकर्मी मारे गये और 13 अन्य घायल हो गए। सेना ने एक बयान में कहा कि 10-11 अक्टूबर की दरम्यानी रात को आतंकवादियों ने पुलिस प्रशिक्षण स्कूल के परिसर में घुसने का प्रयास किया और विस्फोटकों से लदे ट्रक को स्कूल के मुख्य द्वार से टकरा दिया, जिससे एक बड़ा विस्फोट हुआ।

Image

पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी (फाइल फोटो)

Pakistan: पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर हुए आतंकवादी हमले में सात पुलिसकर्मी मारे गये और 13 अन्य घायल हो गए। यह हमला शुक्रवार देर रात हुआ जब प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के सात से आठ आतंकवादियों ने दक्षिण वजीरिस्तान सीमा के निकट डीआई खान जिले में डेरा इस्माइल खान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर भारी हथियारों का इस्तेमाल करते हुए समन्वित हमला किया।

क्या है पूरा मामला?

सेना ने एक बयान में कहा कि 10-11 अक्टूबर की दरम्यानी रात को आतंकवादियों ने पुलिस प्रशिक्षण स्कूल के परिसर में घुसने का प्रयास किया और विस्फोटकों से लदे ट्रक को स्कूल के मुख्य द्वार से टकरा दिया, जिससे एक बड़ा विस्फोट हुआ। इस हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि सुरक्षाकर्मियों और आतंकवादियों के बीच जवाबी गोलीबारी में छह अन्य पुलिसकर्मी मारे गए।

सेना ने बताया कि पांच घंटे की गहन मुठभेड़ के बाद छह आतंकवादी भी मारे गये।

आतंकियों ने फेंके हथगोले

सेना ने बताया कि गोलीबारी के दौरान आतंकवादियों ने हथगोले फेंकना जारी रखा। संस्थान परिसर के अंदर स्थित एक मस्जिद को आतंकवादियों ने निशाना बनाया। हमले में मस्जिद के इमाम की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हमले के दौरान प्रशिक्षण स्कूल में लगभग 200 प्रशिक्षु, प्रशिक्षक और कर्मचारी मौजूद थे। इसने बताया कि हमले में पुलिसकर्मियों समेत 13 लोग घायल भी हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, सभी प्रशिक्षु रंगरूटों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।

इससे पहले दिन में आतंकवाद निरोधक विभाग (CTS) ने एक बयान में कहा कि प्रशिक्षण केंद्र के निकट राष्ट्रीय डाटाबेस एवं पंजीकरण प्राधिकरण (NADRA) के कार्यालय को भी आतंकवादियों ने जला दिया। खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हमीद ने पुष्टि की है कि इलाके को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article