Maldivian President Mohamed Muizzu: चीन से लौटने के बाद मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के तेवर बदल गए हैं। वे भारत को खुलकर आंख दिखा रहे हैं। अब उन्होंने बयान दिया है कि भारत सरकार 15 मार्च से पहले मालदीव से अपने सभी सैनिकों को हटा ले। मुइज्जू का यह बयान रविवार को तब आया, जब हाल ही में वे चीन की पांच दिवसीय यात्रा से वापस लौटे। इससे पहले शनिवार को उन्होंने कहा था कि हमारा देश भले ही छोटा है, लेकिन हमें धमकाने का लाइसेंस किसी के पास नहीं है।
भले ही मालदीव के राष्ट्रपति ने इस दौरान किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन माना जा रहा है कि उनका इशारा भारत की ही तरफ था। बता दें, चीन से बढ़ती नजदीकियों के बीच मुइज्जू लगातार भारत के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं, पीएम मोदी की लक्ष्यद्वीप यात्रा के बाद दोनों देशों के रिश्तों में राजनयिक तनाव भी आया गया है।
चीन के समर्थक माने जाते हैं मुइज्जू
बता दें, मालदीव के नए राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू चीन के समर्थक माने जाते हैं और उन्होंने हाल ही में पांच दिन की बीजिंग यात्रा की थी। इस दौरान मुइज्जू और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच मुलाकात भी हुई थी। उनका यह दौरा ऐसे समय पर हुआ, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लक्ष्यद्वीप की यात्रा पर पहुंचे थे। इसके बाद मालदीव के तीन मंत्रियों ने पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं, जिसके बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव आ गया। हालांकि, मालदीव ने तीनों मंत्रियों को सस्पेंड कर दिया था।
भारत में ट्रेंड किया बॉयकाट मालदीव
पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के बाद भारत में मालदीव का बहिष्कार शुरू हो गया है। एक्स पर #बॉयकाट मालदीव भी ट्रेंड करने लगा है, जिसके बाद मालदीव जाने वाले भारतीय यात्रियों की संख्या में बड़ी गिरावट देखी गई। उधर, ईजी माई ट्रिप ने भी मालदीव के होटलों और फ्लाइट की टिकट कैंसिल कर दी, जिसके बाद खबर आई कि मालदीव की संस्था ने भारत से यात्रियों और होटलों की बुकिंग फिर से शुरू करने की अपील की थी।
