एक तरफ जब पश्चिम एशिया में तनाव की स्थिति बनी हुई है और दुनिया की निगाह उस तरफ, उसी बीच उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन एक बार फिर अपनी सैन्य शक्ति के प्रदर्शन को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। रविवार सुबह उत्तर प्रदेश की सरकारी मीडिया (KCNA) ने किम की कई तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें उन्हें मिसाइल इंजन परीक्षण से लेकर आधुनिक टैंकों और स्पेशल फोर्सेज के मार्शल आर्ट्स का मुआयना करते देखा जा सकता है।
सॉलिड फ्यूल तकनीक और मिसाइल का नया अवतार
उत्तर कोरिया की आधिकारिक समाचार एजेंसी KCNA ने रविवार को ऐसी तस्वीरें जारी कीं जो बिना किसी तारीख और स्थान के हैं। इन तस्वीरों में किम जोंग उन को एक नए 'सॉलिड फ्यूल इंजन' (Solid Fuel Engine) की टेस्टिंग का निरीक्षण करते दिखाया गया है। रणनीतिक रूप से यह तकनीक बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि लिक्विड फ्यूल की तुलना में सॉलिड फ्यूल वाली मिसाइलों को बहुत कम समय में लॉन्च किया जा सकता है, जिससे दुश्मन के लिए उन्हें ट्रैक करना मुश्किल हो जाता है। किम जोंग उन ने इस परीक्षण को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह देश की रणनीतिक सैन्य ताकत को "सर्वोच्च स्तर" पर ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मैदान में उतरे आधुनिक टैंक और सैनिक
मिसाइलों के अलावा, किम जोंग ने उत्तर कोरिया के नए 'मेन बैटल टैंक' की रक्षात्मक क्षमताओं का भी मुआयना किया। ये तस्वीरें सेना के आधुनिकीकरण की ओर इशारा करती हैं। इतना ही नहीं, किम ने स्पेशल ऑपरेशन फोर्सेज के सैनिकों को शूटिंग और पारंपरिक कोरियाई मार्शल आर्ट्स का प्रदर्शन करते हुए भी देखा। इन सैन्य गतिविधियों के माध्यम से उत्तर कोरिया यह संदेश देने की कोशिश कर रहा है कि वह न केवल परमाणु हथियारों में, बल्कि पारंपरिक युद्ध तकनीकों में भी खुद को तेजी से अपग्रेड कर रहा है।
परमाणु हथियारों पर अडिग किम
हाल के अपने भाषणों में किम जोंग उन ने बार-बार उत्तर कोरिया के परमाणु प्रतिरोध (Nuclear Deterrent) को मजबूत करने की बात कही है। उत्तर कोरिया का दावा है कि उसके पास लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें और परमाणु उपकरण हैं जो किसी भी लक्ष्य को भेदने में सक्षम हैं। किम का यह ताजा दौरा वैश्विक शक्तियों, विशेषकर अमेरिका और दक्षिण कोरिया के लिए एक कड़ा संदेश माना जा रहा है।
