दुनिया

20 जून से शुरू होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026; नाथू ला से होगी एंट्री, दूतावास ने बताई पूरी प्रक्रिया और जरूरी तैयारियां

चीन स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि 20 जून से कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्था भारत से रवाना होगा। राजदूत विक्रम दुरईस्वामी ने बताया कि नाथू ला दर्रे से चीन में प्रवेश करने के बाद श्रद्धालुओं की औपचारिक जांच चीनी कस्टम और इमिग्रेशन अधिकारी करेंगे।

Image

कैलाश मानसरोवर यात्रा

कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 को लेकर चीन स्थित भारतीय दूतावास ने श्रद्धालुओं के लिए अहम जानकारी और यात्रा संबंधी सलाह जारी की है। भारत में चीन के राजदूत विक्रम दुरईस्वामी ने एक वीडियो संदेश के जरिए यात्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें यात्रा की तैयारियों, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं से अवगत कराया।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि 20 जून से कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्था भारत से रवाना होगा। दूतावास ने कहा कि आधिकारिक और निजी दोनों माध्यमों से यात्रा करने वाले सभी श्रद्धालुओं का पवित्र कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील की यात्रा के लिए स्वागत है। आने वाले दिनों में यात्रा मार्ग, स्थानीय व्यवस्थाओं और जरूरी दिशा-निर्देशों से जुड़े कई वीडियो और सूचनाएं भी साझा की जाएंगी।

राजदूत विक्रम दुरईस्वामी ने बताया कि नाथू ला दर्रे से चीन में प्रवेश करने के बाद श्रद्धालुओं की औपचारिक जांच चीनी कस्टम और इमिग्रेशन अधिकारी करेंगे। इसके बाद सभी यात्रियों को बसों के जरिए तिब्बत के याडोंग काउंटी ले जाया जाएगा। उन्होंने यात्रियों को यात्रा के दौरान लगने वाले समय, भोजन की उपलब्धता, मुद्रा विनिमय (करेंसी एक्सचेंज) और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी जानकारी दी।

यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भारतीय दूतावास की टीम ने हाल ही में सिक्किम के नाथू ला और उत्तराखंड के लिपुलेख दर्रे से तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र तक के दोनों प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई।

इससे पहले राजदूत दुरईस्वामी ने तिब्बत की राजधानी ल्हासा का दौरा कर स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। उन्होंने तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के उपाध्यक्ष झाओ पेंग से मुलाकात कर भारतीय श्रद्धालुओं के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। वहीं, ल्हासा हवाई अड्डे पर तिब्बत के विदेश मामलों के कार्यालय के उप महानिदेशक यांग लाहोंग ने उनका स्वागत किया।

गौरतलब है कि 13 जून को विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू भवन से कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। अब 20 जून से यात्रा का औपचारिक संचालन शुरू होने जा रहा है, जिसके लिए भारतीय दूतावास लगातार श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध करा रहा है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article