JD Vance: अमेरिका और ईरान के बीच फिर से भड़के युद्ध के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान पर सख्त बयान दिया है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि उनका (ईरान) परमाणु कार्यक्रम नष्ट कर दिया गया है। उनकी पारंपरिक सेना नष्ट कर दी गई है। हमारा मूल समझौता यह था कि अगर आप जहाजों पर गोलीबारी बंद कर दें तो हम नाकाबंदी हटा लेंगे। लेकिन अगर आप जहाजों पर गोलीबारी करते हैं, तो हम जवाबी कार्रवाई करेंगे और पहले से कहीं अधिक जोरदार जवाबी कार्रवाई करेंगे। यही समझौता था... 24 घंटे पहले क्या हुआ? उन्होंने फिर से जहाजों पर गोलीबारी शुरू कर दी, समझौता बहुत सरल है।
होर्मुज पर ईरान को चेताया
वेंस ने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप ने उनसे बहुत स्पष्ट रूप से कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहेगा। इसका मतलब है कि अमेरिकी जनता को तेल और गैस की आपूर्ति जारी रहेगी। राष्ट्रपति ने कहा कि वह अहम रूट जिसके माध्यम से हम दुनिया की अधिकांश ऊर्जा का परिवहन करते हैं, वह मार्ग खुला रहना चाहिए और ईरानियों को यह जानना होगा। अगर वे इसे बंद करने की कोशिश करते हैं, तो अमेरिकी सेना की ओर से जवाबी कार्रवाई होगी... वे या तो इसका पालन करें या उनके साथ वही होगा जो पिछली रात हुआ था।
ईरान में करीब 90 स्थानों को बनाया निशाना
अमेरिकी सेना ने गुरुवार को कहा कि उसने ईरान में अपने हालिया हमलों के दौरान करीब 90 स्थानों को निशाना बनाने के बाद हवाई हमले रोक दिए हैं। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने यह जानकारी दी। उसने फुटेज जारी किए जिनमें हवाई अड्डे के रनवे और मिसाइल लॉन्चर को निशाना बनाकर किए गए हमलों को दिखाया गया है। सेंट्रल कमांड ने कहा, अमेरिकी बल सतर्क है और कमांडर इन चीफ के निर्देश पर अभियान चलाने के लिए तैयार हैं।
चाबहार और कोनारक में 10 धमाके
इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (IRNA) से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, बुशहर के बाहरी इलाके में स्थित एक सैन्य अड्डे पर अमेरिकी सेना द्वारा दागे गए दो गोले गिरे। बुशहर के राजनीतिक और सुरक्षा मामलों के उप राज्यपाल ने आईआरएनए को बताया कि फिलहाल किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है। चाबहार और कोनारक में लगभग 10 विस्फोटों की सूचना मिली, जिसके चलते चाबहार में आंशिक बिजली कटौती हो गई है। अधिकारी मामले की विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं। दक्षिणी ईरान के होर्मोजगान के सिरिक में भी एक विस्फोट की आवाज सुनी गई।
