दुनिया

ईरान और इजरायल सीजफायर पर हुए सहमत, 12 दिन से जारी संघर्ष खत्म, नेतन्याहू बोले- हासिल किए सभी युद्ध लक्ष्य

दोनों पक्षों द्वारा समझौते को स्वीकार किए जाने के बाद तेहरान ने मंगलवार सुबह इजरायल को निशाना बनाकर मिसाइलों का अंतिम हमला किया, जिसमें कम से कम चार लोग मारे गए, जबकि इजरायल ने भोर से पहले ईरान भर में कई जगहों पर हवाई हमले किए।

Image

ईरान-इजरायल सीजफायर पर हुए सहमत

Israel-Iran Accept Ceasefire: इजराइल और ईरान ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तावित युद्ध विराम योजना को स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही मध्य पूर्व में 12 दिनों से चल रहा युद्ध समाप्त हो गया है। तेहरान की ओर से कतर में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर जवाबी सीमित मिसाइल हमला करने के बाद ट्रंप ने ऐलान किया था कि दोनों देश सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। हालांकि ट्रंप के बयान के घंटों बाद भी ईरान ने इजरायल पर कई मिसाइलें छोड़ीं और इजरायल ने भी ईरान पर हमला बोला।

दोनों देशों में सीजफायर से पहले एक-दूसरे पर हमला किया

दोनों पक्षों द्वारा समझौते को स्वीकार किए जाने के बाद तेहरान ने मंगलवार सुबह इजरायल को निशाना बनाकर मिसाइलों का अंतिम हमला किया, जिसमें कम से कम चार लोग मारे गए, जबकि इजरायल ने भोर से पहले ईरान भर में कई जगहों पर हवाई हमले किए। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ट्रंप के समन्वय में इजरायल ने ईरान के साथ द्विपक्षीय युद्ध विराम पर सहमति जताई है।

नेतन्याहू बोले, सभी युद्ध लक्ष्यों को हासिल किया

नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने सोमवार रात इजरायल की सुरक्षा कैबिनेट को बताया कि इजरायल ने ईरान के खिलाफ 12 दिनों के अभियान में अपने सभी युद्ध लक्ष्यों को हासिल कर लिया है, जिसमें ईरान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों के खतरे को दूर करना भी शामिल है। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल ने ईरान के सैन्य नेतृत्व और कई सरकारी स्थलों को भी नुकसान पहुंचाया और तेहरान के आसमान पर नियंत्रण हासिल कर लिया। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल युद्ध विराम के किसी भी उल्लंघन का जोरदार जवाब देगा।

ट्रंप बोले, 12 दिवसीय युद्ध खत्म हुआ

इससे पहले, ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर घोषणा की कि दोनों देशों द्वारा चल रहे सैन्य अभियानों को समाप्त करने के कुछ ही घंटों बाद पूर्ण और समग्र युद्धविराम लागू हो जाएगा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘बधाई हो सभी को! ईरान और इजरायल के बीच पूर्ण और अंतिम सीजफायर पर सहमति बन गई है। सीजफायर छह घंटे के भीतर शुरू होगा और ईरान को पहले इसे पालन करना होगा। ईरान की ओर से सीजफायर का पालन करने के बाद, अगले 12 घंटे बाद इजरायल भी सीजफायर में शामिल हो जाएगा। 24 घंटे बाद युद्ध को औपचारिक तौर पर समाप्त माना जाएगा।’

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और इजरायल की सहनशक्ति, साहस और बुद्धिमत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा, दोनों देशों के बीच ये युद्ध सालों तक चल सकता था जिससे मध्य पूर्व तबाह हो सकता था, लेकिन ऐसा हुआ नहीं और कभी होगा भी नहीं। ट्रंप ने इस लंबे-चौड़े पोस्ट के अंत में लिखा- ईश्वर ईरान को आशीर्वाद दे, ईश्वर इजरायल को आशीर्वाद दे, ईश्वर मध्य पूर्व को आशीर्वाद दे, ईश्वर अमेरिका को आशीर्वाद दे और ईश्वर पूरी दुनिया को आशीर्वाद दे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article