Israel Attacks On Gaza: गाजा को पूरी तरह तबाह करने में इजरायल जुटा है। बीते कुछ दिनों से गाजा पट्टी के रिहायशी इलाकों के बहुमंजिला टॉवर पर हवाई हमले किए गए। इजरायल का दावा है कि IDF सिर्फ उन्हीं इमारतों को निशाना बना रही है, जिसका इस्तेमाल हमास के आतंकी कर रहे हैं। सोमवार तड़के भी इजरायल ने गाजा में जबरदस्त तबाही मचाई। इजरायल ने फिलिस्तीन के लोगों से आग्रह किया है कि वो गाजा पट्टी छोड़ दें। इजरायल के एयरस्ट्राइक में आम लोगों की भी जान जा रही है। शिफा अस्पताल ने इजरायली हमले में मारे गए करीब 12 बच्चों की पुष्टि की है।
बता दें कि 10 सितंबर को इजरायल ने पहली बार कतर की राजधानी दोहा में हमला कर हमास के नेताओं को निशाना बनाया था। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने चेतावनी दी है कि यदि दोहा से हमास के पोलित ब्यूरो के सदस्यों को बाहर नहीं किया जाता है तो 'इजरायल इनका हिसाब करेगा।' नेतन्याहू ने कहा कि 'यदि आप उन्हें नहीं निकालेंगे तो हम उन्हें खत्म करेंगे।'

इजरायल ने गाजा पट्टी में मौजूद बहुमंजिला इमारतों को बनाया निशाना।(फोटो सोर्स: AP)
7 अक्टूबर का हमला 9/11 जैसा: नेतन्याहू
सात अक्टूबर 2023 को अपने देश पर हुए हमास के हमले की तुलना अमेरिका के 9/11 से करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि 'होलोकॉस्ट के बाद सात अक्टूबर को यहूदियों पर हुए सबसे बड़े एवं बर्बर हमले आज भी इजरायली लोगों के दिल और दिमाग पर छाए हुए हैं।' नेतन्याहू ने पूछा कि 9/11 के बाद अमेरिका ने क्या किया? अमेरिका ने इस हमले के पीछे आतंकियों को मार गिराने का संकल्प लिया। यही नहीं उसने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से एक संकल्प भी पारित कराया कि कोई भी देश आतंकवादियों को संरक्षण नहीं दे सकता।
'कोई फिलिस्तीन नहीं होगा, यह जगह हमारी है'
इसके अलावा नेतन्याहू ने गाजा और फिलिस्तीन को लेकर अपने मंसूबे भी कुछ दिनों पहले जाहिर कर दिए थे। बेंजामिन नेतन्याहू ने था कहा था कि यह जगह हमारी (इजरायल की) है। भविष्य में कोई फिलिस्तीन नहीं होगा। नेतन्याहू ने वेस्ट बैंक में बसाहट को लेकर गुरुवार को एक प्रोजेक्ट पर हस्ताक्षर किए गए। इस परियोजना को (E1 सेटलमेंट विस्तार परियोजना) नाम दिया गया है। माले अदुमिम में एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए नेतन्याहू ने कहा," हम वादा पूरा करने जा रहे हैं कि यहां कोई भी फिलिस्तीन राज्य नहीं होगा। यह जगह हमारी है।"
