दुनिया

Israel Attack on Gaza: गाजा में इजराइली हमलों में 16 लोगों की मौत

गाजा के पूर्वी तुफा इलाके में शरणार्थी स्थल के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे एक स्कूल पर इजराइल ने हमला किया, जिसमें कम से कम छह लोग मारे गए।

Image

गाजा पर इजराइल कई महीनों से कर रहा है हमला

Photo : AP

गाजा में शनिवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर इजराइली हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। इस बीच, इजराइल ने भुखमरी से जूझ रहे उत्तरी गाजा में कई हफ्तों में पहली बार मानवीय सहायता पहुंचाए जाने की घोषणा की। गाजा में हमास आतंकवादियों और लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ इजराइल के हमले लगातार जारी हैं।

इजराइल ने गाजा में कहां हमला किया

फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि एक हमला गाजा के पूर्वी तुफा इलाके में शरणार्थी स्थल के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे एक स्कूल पर हुआ, जिसमें कम से कम छह लोग मारे गए। उसने बताया कि मृतकों में दो स्थानीय पत्रकार, एक गर्भवती महिला और एक बच्चा शामिल है। नासेर अस्पताल ने बताया कि दक्षिणी शहर खान यूनिस में उस तंबू पर इजराइली हमला हुआ जहां विस्थापित लोग शरण लिए हुए थे और इस हमले में सात लोगों की मौत हो गई।

आठवां इजराइली हमला

फलस्तीनी चिकित्सा अधिकारियों ने कहा कि मध्य गाजा के मुख्य अस्पताल के प्रांगण में लगे तंबुओं पर इजराइली हमला हुआ। दीर अल-बला में अल-अक्सा शहीद अस्पताल ने बताया कि कम से कम तीन लोग मारे गए और एक स्थानीय पत्रकार घायल हो गया। मार्च के बाद से परिसर पर यह आठवां इजराइली हमला है।

राहत सामग्री भी पहुंची

इस बीच इजराइल ने बताया कि राहत सामग्री के ट्रक उत्तरी गाजा में पहुंच गए हैं। गाजा में मानवीय सहायता मुहैया करा रहे इजराइली सैन्य निकाय सीओजीएटी ने शनिवार को बताया कि भोजन, पानी और चिकित्सा उपकरणों को लेकर 11 ट्रक बृहस्पतिवार को सुदूर उत्तर में पहुंचे। इजराइल द्वारा पिछले महीने वहां नया सैन्य अभियान शुरू किए जाने के बाद से यह पहली बार है जब सुदूर उत्तर में कोई सहायता पहुंची है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article