Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है। पिछले दो दिनों से जारी तेज बारिश के बीच आज यानी गुरुवार 23 जुलाई को भी मौसम विभाग (IMD) ने 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल यानी बुधवार 22 जुलाई को ब्यावर जिले के बदनोर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 225 मिमी (करीब 9 इंच) बारिश हुई। इतनी अधिक बारिश से खेत, सड़कें और खुले इलाके जलमग्न हो गए। उधर, हनुमानगढ़ जिले में रातभर हुई तेज बारिश के कारण गुरुवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, अगले दो दिनों तक पूरे राजस्थान में बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, 25 जुलाई के बाद पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार फिलहाल राज्य में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मानसून ट्रफ सामान्य स्थिति में बीकानेर, टोंक, गुना और दमोह से होकर गुजर रही है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण पूरे राज्य में बारिश के अनुकूल हालात बने हुए हैं। दक्षिणी राजस्थान के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
बरसाती नदी-नालों में बहाव काफी तेज
पिछले 24 घंटों के दौरान ब्यावर के अलावा डूंगरपुर, बांसवाड़ा, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर, नागौर, बूंदी, अलवर और पाली के कई इलाकों में दो इंच तक बारिश हुई। लगातार बारिश से बरसाती नदियों में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है और निचले क्षेत्रों में जलभराव हो गया।
जयपुर में रुक-रुककर बारिश जारी
हनुमानगढ़ में बुधवार देर शाम शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक भी जारी रही। इसके कारण यहां जनजीवन प्रभावित हुआ और एहतियातन स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया। राजधानी जयपुर में दूसरे दिन भी रुक-रुककर बारिश जारी रही। सांभर में सबसे ज्यादा 52 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि फुलेरा, फागी, नरैना, जोबनेर और दूदू में भी अच्छी बारिश हुई।
उदयपुर-कोटा के तापमान में गिरावट
अजमेर में 79 मिमी (करीब 3 इंच) बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। अलवर, सीकर, उदयपुर, कोटा और जोधपुर में भी बारिश का दौर जारी रहा। उदयपुर और कोटा में तापमान में अच्छी गिरावट देखने को मिली, जबकि जोधपुर में मानसून की पहली अच्छी बारिश से भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने के साथ ही प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है। अगले 48 घंटे राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं।
