इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार (KRG) ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उसने कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रधानमंत्री मसरूर बरजानी (Masrour Barzani) के निजी कार्यालय और कुर्द खुफिया एजेंसी 'परास्तीन' (Parastin) प्रमुख के आवास पर ड्रोन हमले किए हैं। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, और न ही किसी संगठन या पक्ष ने तत्काल इसकी जिम्मेदारी ली है। हालांकि ईरान ने इन आरोपों को खारिज किया है।
बरजानी ने बताया गंभीर हमला
कुर्दिस्तान के प्रधानमंत्री मसरूर बरजानी ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने इसे "लापरवाह और अस्वीकार्य हमला" बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा है। बरजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा कि कुर्दिस्तान के काउंटर-टेररिज्म निदेशालय की जांच और उपलब्ध जानकारी के आधार पर उनके निजी कार्यालय और परास्तीन एजेंसी के प्रमुख के आवास पर ईरानी ड्रोन से हमला किए जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले कुर्दिस्तान को अपने काम और नागरिकों की सुरक्षा से पीछे हटने के लिए मजबूर नहीं कर सकते।
