Iran US Conflict: होर्मुज स्ट्रेट में जारी तनातनी के बीच ईरान के तेवर अब बदले-बदले नजर आ रहे हैं। अमेरिका के साथ बातचीत के लिए ईरान लचीला रुख अपनाने को तैयार नजर आ रहा है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ईरान अपनी कुछ पुरानी शर्तों में ढील देते हुए अमेरिका के साथ बातचीत में अपने परमाणु कार्यक्रम को शामिल करने को लेकर अब सहमत नजर आ रहा है।
अल अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान ने यूरेनियम संवर्धन को लगभग 3.5 फीसदी तक सीमित रखने और अपने मौजूदा संवर्धित यूरेनियम के भंडार को धीरे-धीरे कम करने का प्रस्ताव रखा है। बता दें कि यह कदम पहले के उस रुख से अलग है, जिसमें तेहरान परमाणु मुद्दे को बाद में उठाने की बात कर रहा था।
परमाणु वार्ता को लेकर ईरान सहमत!
इससे पहले, एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने बताया था कि प्रस्ताव का पहला चरण होर्मुज में यातायात बहाल करने और अमेरिकी नाकेबंदी खत्म करने पर केंद्रित होगा, जबकि परमाणु वार्ता को बाद के लिए टाल दिया जाएगा। हालांकि, अब सूत्रों का कहना है कि ईरान परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा के लिए तैयार हो गया है और उसने यूरेनियम संवर्धन को 3.5 प्रतिशत तक सीमित रखने तथा अपने मौजूदा संवर्धित यूरेनियम भंडार को धीरे-धीरे कम करने का प्रस्ताव रखा है।
कब खुलेगा होर्मुज?
संशोधित प्रस्ताव में यह भी शामिल है कि अमेरिका द्वारा नाकेबंदी हटाए जाने के बदले होर्मुज को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोला जाएगा। साथ ही, तेहरान ने क्षेत्र से अमेरिकी सैनिकों की वापसी की अपनी पुरानी मांग को भी वापस ले लिया है। इसके बजाय, अब ईरान अपनी सीमाओं के आसपास अमेरिकी सैन्य जमावड़े को खत्म करने और भविष्य में किसी भी हमले के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय गारंटी की मांग कर रहा है।
यह जानकारी ऐसे समय पर सामने आई जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि वह युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान के एक नए प्रस्ताव पर मंथन कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने ईरान के साथ कोई समझौता होने की संभावना पर संदेह भी जताया था।
