ईरान ने इजराइल पर एक बार फिर से बड़ा हमला बोला है। ईरानी मिसाइलें, इजराइली शहरों को निशाना बना रही हैं। इजराइली सेना ने पुष्टि की है कि ईरान की ओर से इजराइल की तरफ एक बार फिर मिसाइलों की नई खेप दागी गई है, जिससे जारी हवाई हमलों में बड़ा उछाल देखने को मिला है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है।
एक ही घंटे के भीतर दूसरी बार हाई अलर्ट
रिपोर्टों के अनुसार, इजराइल के होम फ्रंट कमांड ने बताया कि पहले चरण के हमले के दौरान एक मिसाइल गिरने की सूचना मिलने के बाद बचाव दलों को तुरंत मध्य इजराइल की ओर रवाना किया गया। हालात तेजी से बदल रहे हैं और सैन्य अधिकारी लगातार नए खतरों पर नजर बनाए हुए हैं। सेना ने यह भी कहा कि एक ही घंटे के भीतर दूसरी बार हाई अलर्ट जारी करना पड़ा, क्योंकि ईरान की ओर से मिसाइलों की नई लहर की पहचान की गई।
आयरन डोम भी पड़ा फेल
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हमलों का असर जमीन पर भी दिखने लगा है। मध्य इजराइल के शहर Holon में शुरुआती हमले के दौरान कम से कम एक व्यक्ति घायल होने की खबर है। इसके अलावा, मिसाइलों के इजराइली हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के कुछ ही समय बाद कई इलाकों में तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। इजराइली डिफेंस सिस्टम आयरन डोम भी इन मिसाइल हमलों को रोकने में नाकाम साबित होता दिख रहा है। हालांकि इजराइली सेना ने बताया कि लगातार खतरे को देखते हुए उसकी वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय रूप से मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने की कोशिश कर रही है। यह कार्रवाई देश के विभिन्न शहरी और रणनीतिक ठिकानों को सुरक्षित रखने के व्यापक अभियान का हिस्सा है।
रात में भी ईरान ने इजराइल को दहलाया था
इससे पहले हुए हमलों में हताहतों की संख्या भी सामने आने लगी है। रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी इजराइल के शहर डिमोना और अराद पर हुए हमलों के बाद लगभग 150 घायल लोगों को सोरोका मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया।
