ईरान ने इजराइल पर भारी हमला बोला है। मिसाइलों की ऐसी बारिश कि है कि इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसे “डिफिकल्ट नाईट (कठिन रात)” कह दिया है। ईरान ने दक्षिणी इजराइल के अराद शहर को निशाना बनाया है और कई मिसाइलें यहां दागीं हैं। जिससे यह शहर बर्बाद दिख रहा है। इस हमले में अराद में भारी तबाही और जान-माल का नुकसान हुआ।
इजराइल में ईरान ने मचाई तबाही
इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेगेव क्षेत्र के अराद शहर का एक पूरा इलाका मिसाइल हमले में पूरी तरह नष्ट हो गया। इजराइल की आपातकालीन सेवाओं के मुताबिक, शुरुआती आंकड़ों में करीब 220 लोग इस हमले से प्रभावित हुए हैं, जिनमें मृतक और घायल दोनों शामिल हैं।हमले के बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि हालात गंभीर हैं, लेकिन इजराइल सभी मोर्चों पर अपने सैन्य अभियान जारी रखेगा। उन्होंने कहा, “हम एक कठिन रात से गुजर रहे हैं, लेकिन हम हर मोर्चे पर युद्ध जारी रखेंगे।”
राहत और बचाव कार्य जारी
वहीं, अराद के मेयर ने बताया कि प्रभावित इलाके के लगभग 150 परिवारों को जल्द ही सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करना पड़ेगा। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं और प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी आश्रय की व्यवस्था की जा रही है।
नहीं रुक रहा ईरान
बता दें कि शनिवार देर रात ईरानी मिसाइलों ने दक्षिणी इजराइल के दो इलाकों को निशाना बनाया, जिससे कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और दर्जनों लोग घायल हो गए। ये दोनों हमले इजराइल के मुख्य परमाणु अनुसंधान केंद्र के पास के इलाके में हुए। रविवार तड़के ईरान ने चेतावनी दी कि अगर उसकी ऊर्जा सुविधाओं पर कोई हमला किया गया, तो वह क्षेत्र में अमेरिका और इजराइल की ऊर्जा तथा बुनियादी ढांचे से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाएगा। यह जानकारी ईरान के सरकारी और अर्ध-सरकारी मीडिया संस्थानों ने एक ईरानी सैन्य प्रवक्ता के हवाले से दी।
