दुनिया

‘संतुलनहीन और बेवकूफी भरा’: ट्रंप के अल्टीमेटम पर ईरान का करारा पलटवार, कहा- हर हमले का देंगे मुंहतोड़ जवाब

US Iran War: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप ने ईरान को दिए अपने अल्टीमेटम को दोहराते हुए कहा है कि अब सिर्फ 48 घंटे बचे हैं, जिसके बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ट्रंप ने ईरान से या तो शांति समझौता करने या स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने की मांग की है। वहीं, ईरान ने इस चेतावनी को “संतुलनहीन और बेवकूफी भरा” बताते हुए खारिज कर दिया है और साफ कहा है कि वह किसी भी दबाव में नहीं झुकेगा।

Image

ट्रंप के अल्टीमेटम का ईरान ने दिया करारा जवाब। AI IMAGE

US Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक बार फिर ईरान को दिए अल्टीमेटम का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि ईरान को 10 दिन का समय दिया गया था कि वह या तो 'डील' (समझौता) करे या फिर 'होर्मुज जलडमरूमध्य' को पूरी तरह से खोल दे। अब केवल 48 घंटे बचे हैं, जिसके बाद ईरान पर "कहर" (Hell will reign down) बरसेगा।'

ईरान ने क्या कहा?

ट्रंप के इस अल्टीमेटम का ईरान ने जवाब दिया है। ईरान ने इस चेतावनी को “संतुलनहीन और बेवकूफी भरा” करार देते हुए कहा कि इस तरह की धमकियां हालात को और बिगाड़ सकती हैं।

ईरान ने साफ शब्दों में कहा है कि वह किसी भी दबाव में नहीं आएगा और अगर अमेरिका ने कोई आक्रामक कदम उठाया तो उसके गंभीर परिणाम होंगे। ईरानी अधिकारियों ने चेतावनी दी कि किसी भी हमले का जवाब पूरी ताकत से दिया जाएगा।

रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने क्या कहा?

वहीं, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने चेतावनी दी है कि मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से और गंभीर हो सकते हैं। ईरानी सेना के सेंट्रल हेडक्वार्टर (खातम अल-अनबिया) के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फाघारी ने कहा, "अगर तनाव बढ़ता रहा, तो पूरा क्षेत्र अमेरिका और इजरायल के लिए नरक बन जाएगा और ईरान को हराने का भ्रम उनको दलदल में फंसा देगा।"

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, "ईरान के पास समझौता करने या होर्मुज खोलने के लिए अब बहुत कम समय बचा है। याद रखना, मैंने ईरान को 10 दिन का समय दिया था, या तो समझौता करे या होर्मुज को खोले। अब समय तेजी से खत्म हो रहा है, और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूटेगा।"

बता दें कि दुनिया के कुल कच्चे तेल का लगभग 20-30 प्रतिशत हिस् स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर गुजरता है, जिसे ईरान ने रोक दिया है। यह ओमान और ईरान के बीच स्थित है और फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article